

Neemuch Youth Beaten Viral Video: नीमच स्थित मनासा तहसील के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमली इस्तमुरार से मानवता को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में एक युवक को रस्सियों से बांधकर लाठियों से पीटा जा रहा है। आरोपियों ने युवक के गले में जूतों की माला भी पहनाई। वीडियो में युवक के कपड़ों पर खून के निशान साफ दिख रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम चिकली निवासी 22 वर्षीय श्रवण देर रात अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा था। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया। इसके बाद उसे रस्सियों से बांध दिया गया और कथित तौर पर लाठियों से पीटा गया। अपमानित करने के लिए उसके गले में जूतों की माला भी डाल दी गई।
मारपीट के बाद श्रवण किसी तरह कुकड़ेश्वर थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर कंवरलाल बंजारा और कमलीबाई बंजारा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।प्रारंभिक जांच में इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते की बात भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
इस वायरल वीडियो ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चाहे चोरी का संदेह हो या प्रेम प्रसंग, किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। किसी भी विवाद या अपराध की स्थिति में कार्रवाई करना पुलिस और न्याय व्यवस्था का काम है। किसी व्यक्ति को बांधकर पीटना और सार्वजनिक रूप से अपमानित करना गैरकानूनी है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो की सत्यता और घटना के पीछे की असल वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है।