तेज रफ्तार बोलेरो बनी 'काल', नर्मदापुरम में जीप पलटने से मासूम बच्चे समेत 5 लोगों की मौत; दो गंभीर रूप से घायल

Bolero Accident In Narmadapuram: नर्मदापुरम के मटकुली-पिपरिया मार्ग पर भीषण हादसा, बाइक सवार को बचाने में पलटी तेज रफ्तार बोलेरो, धुर्वे परिवार के 3 सदस्यों सहित 5 की मौत, 2 घायल।
narmadapuram-pipariya-bolero-accident-five-people-died-two-severely-injured
नर्मदापुरम में भीषण सड़क हादसा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Narmadapuram Pipariya Bolero Accident: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मटकुली-पिपरिया मार्ग पर उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। मृतकों में एक ही परिवार के पति-पत्नी और उनका आठ वर्षीय बेटा भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

पिपरिया थाना प्रभारी मदनलाल पवार के अनुसार बोलेरो जीप तामिया से मटकुली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज गति के कारण बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पति-पत्नी और मासूम बेटे की गई जान

पुलिस ने बताया कि हादसे में नर्मदापुरम के बंजारा ड्रीम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे और आठ वर्षीय पुत्र अक्षत धुर्वे की मौत हो गई। इसके अलावा समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) और झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) ने भी दुर्घटना में दम तोड़ दिया। एक साथ पांच लोगों की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।

दो घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे में समनापुर निवासी आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव, जांच शुरू

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक सवार को बचाने के दौरान बोलेरो का नियंत्रण खोना सामने आया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com