

Highlights:
कटनी का करौंदी 11.7 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा इलाका।
पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री रिकॉर्ड।
भोपाल-इंदौर समेत 15 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे।
10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ के असर से बढ़ सकती है ठंड।
MP Weather Update : मध्य प्रदेश में दिवाली के बाद ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी का करौंदी लगातार दूसरी रात प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी कम है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत 15 शहरों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिवाली पर पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। भोपाल समेत कई शहरों में दिनभर धूप खिली रही, लेकिन सूर्यास्त के बाद ठंडक बढ़ गई। मौसम साफ रहने से लोगों को त्योहार के दौरान बारिश की परेशानी नहीं हुई। अब रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में 12.6 डिग्री और रायसेन के साथ पचमढ़ी में 12.8 डिग्री तापमान रहा। अमरकंटक में पारा 13.1 डिग्री, दमोह में 13.2 डिग्री और रीवा में 13.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि इंदौर में यह 13.7 डिग्री रहा। उमरिया में 13.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 14.4 डिग्री और जबलपुर में 14.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। यानी प्रदेश के बड़े शहरों में भी रातें ठंडी होने लगी हैं।
कटनी का करौंदी गांव विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान पर बसा है। जानकारों के मुताबिक, रात में पहाड़ियों की ऊपरी चोटियों की हवा ठंडी होकर भारी हो जाती है और नीचे की ओर बहती है। इस प्रक्रिया को कैटाबेटिक विंड्स कहा जाता है। इसके साथ तापमान के उलटाव यानी थर्मल इन्वर्जन की स्थिति भी स्थानीय तापमान को प्रभावित कर सकती है। इसी वजह से करौंदी में आसपास के इलाकों के मुकाबले ज्यादा ठंड दर्ज हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश में उत्तरी हवाओं का असर बढ़ सकता है। इससे रात के तापमान में और गिरावट आने तथा ठंड बढ़ने के आसार हैं।
नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में सर्दी का असर और तेज होने का अनुमान है। ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के सीधे पहुंचने से रात का तापमान तेजी से गिर सकता है। मौसम विभाग के पुराने रिकॉर्ड के मुताबिक, ग्वालियर में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और उज्जैन में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
नवंबर में भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत कई शहरों में बारिश का ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने की शुरुआत में बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नए सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इससे मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ ठंड का असर भी बढ़ सकता है।