जो लाडली बहनें CM का सम्मान नहीं करेंगी, उनका काम नहीं करेंगे...MP के मंत्री का विवादित बयान वायरल

Vijay Shah Viral Video: मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह का एक बयान फिर सुर्खियों में है। उन्होंने कहा कि जो लाडली बहनें मुख्यमंत्री का सम्मान नहीं करेंगी, उनकी जांच कराएंगे।
MP Minister Vijay Shah Viral Video
जो लाडली बहनें CM का सम्मान नहीं करेंगी, उनका काम नहीं करेंगे...MP के मंत्री का विवादित बयान वायरल
Published on: 
Updated on: 

MP Minister Viral Video: मध्य प्रदेश के रतलाम में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री विजय शाह का अहंकार भरा बयान सामने आया है। बैठक के दौरान, बातों-बातों में मंत्री ने कहा कि जो लाडली बहनें मुख्यमंत्री का सम्मान नहीं करेंगी, उनकी जांच कराई जाएगी। मंत्री विजय शाह ने महिला बाल विकास अधिकारी से आंकड़े पूछने के बाद यह टिप्पणी की। ढाई लाख लाडली बहनों का आंकड़ा सामने आने के बाद विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री का सम्मान करने के लिए कम से कम 50 हजार लाडली बहनें तो जरूर आनी चाहिए।

मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार गरीब बहनों के जीवन में खुशहाली ला रही है, और उन्हें दो साल में एक बार तो धन्यवाद कहना चाहिए। उन्होंने कहा, "हम लाडली बहनों को ज्यादा परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन सम्मानजनक तरीके से सरकार के मुखिया का सम्मान तो बनता है।" मंत्री ने यह भी कहा कि अगर किसी के आधार में लिंक नहीं होगा, तो जांच थोड़ी देर से होगी, लेकिन जांच तो पेंडिंग हो ही जाएगी, फिर सभी आएंगी।

देखें VIDEO

इसके अलावा, मंत्री ने ऊर्जा विकास विभाग के मैकेनिक संतोष तंवर को भी चुटकी लेते हुए बाहर का रास्ता दिखा दिया और कहा, "बाहर निकालो।" दरअसल, मंत्री विजय शाह इस बात से नाराज थे कि कार्यपालन यंत्री ने खुद आने की बजाय बैठक में मैकेनिक को भेज दिया था।

मंत्री की किरकिरी

इस बयान के सामने आने के बाद अब मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इससे पहले कर्नल सोफिया पर दिए गए विवादित बयान के कारण मंत्री की आलोचना हो चुकी थी, और सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा था। इसके बाद मंत्री कई महीनों तक चुप्पी साधे हुए थे, लेकिन रतलाम में फिर से उन्होंने ऐसा बयान दे दिया, जो अब सुर्खियों में है।

कांग्रेस की बर्खास्तगी की मांग

लाडली बहनों पर मंत्री के बयान के बाद कांग्रेस ने विजय शाह की बर्खास्तगी की मांग की है। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि कर्नल सोफिया के बाद अब लाडली बहनों का भी अपमान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मंत्री ने पहले भी विवादित बयान दिया था, तो भाजपा ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। विजय शाह का कहना है कि लाडली बहनें मुख्यमंत्री का सम्मान करने नहीं आएंगी, तो उनकी जांच कराई जाएगी, जो करोड़ों लाडली बहनों का अपमान है। कांग्रेस ने भाजपा से तत्काल इस मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।