असम के बाद एमपी में कांग्रेस को बड़ा झटका, हेमंत कटारे ने उपनेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा

Hemant Katare News : मध्य प्रदेश की अटेर सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। कटारे ने इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा है।
mp congress jolt hemant katare resigns deputy leader of opposition
राहुल गांधी और हेमंत कटारे।
Published on: 
Updated on: 

Hemant Katare Resignation News : मध्य प्रदेश की राजनीति में उस समय खलबली मच गई, जब विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष और भिंड की अटेर सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। दिलचस्प बात यह है कि कटारे ने यह कदम अपनी शादी की सालगिरह के दिन उठाया। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे पत्र में पद छोड़ने की वजह पारिवारिक व्यस्तता और क्षेत्र की जनता को समय न दे पाना बताया है। वैसे, सियासी गलियारों में इस इस्तीफे के पीछे कानूनी पेच और पार्टी के भीतर के समीकरणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

शुक्रवार को हेमंत कटारे शाम 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में सक्रिय नजर आए थे, लेकिन उसके बाद उन्होंने इस्तीफा देकर अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। उनके पिता और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री स्वर्गीय सत्यदेव कटारे की राजनीतिक विरासत संभालने वाले हेमंत ने पत्र में लिखा कि पार्टी ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के योग्य समझा, इसके लिए वे आभारी हैं, लेकिन अब वे संगठन के किसी अन्य व्यक्ति को यह पद सौंपने का अनुरोध करते हैं।

पारिवारिक मामला सुलझाने की जताई उम्मीद

इस अचानक हुए घटनाक्रम पर जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने कहा कि उन्हें इस्तीफे की जानकारी मीडिया से मिली। उन्होंने बताया कि हेमंत की आज मैरिज एनिवर्सरी है और वे काफी खुश थे। उपाध्याय ने इसे एक पारिवारिक मामला बताते हुए जल्द सुलझने की उम्मीद जताई है।

इस्तीफे के पीछे कानूनी एंगल भी

इस इस्तीफे के पीछे एक बड़ा कानूनी एंगल भी नजर आ रहा है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने हाल में हेमंत कटारे के खिलाफ एक पुराने रेप केस की जांच भोपाल रेंज के डीआईजी की निगरानी में दोबारा शुरू करने का आदेश दिया है। इसके अलावा, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने भी भोपाल के आईएसबीटी प्रोजेक्ट में प्लॉट आवंटन में गड़बड़ी को लेकर हेमंत कटारे, उनकी पत्नी, भाई और बहू सहित 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

कटारे का इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा झटका

असम कांग्रेस के भीतर मची भगदड़ के बाद मध्य प्रदेश में कटारे का इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। 2023 के चुनाव में बीजेपी के दिग्गज नेता अरविंद भदौरिया को 20 हजार से अधिक वोटों से हराने वाले हेमंत कटारे कांग्रेस के उभरते हुए चेहरे थे, लेकिन कानूनी घेराबंदी और इस्तीफे ने उनके राजनीतिक भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com