

Morena Road Problem: मुरैना जिले में सड़क की बदहाली को लेकर अब एक सात साल की बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। बारिश के बाद कीचड़ और जलभराव से परेशान बच्ची ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सड़क बनवाने की मांग करते हुए सवाल किया कि जब सड़क ही नहीं होगी तो बेटियां स्कूल कैसे जाएंगी? बच्ची ने नाराजगी जताते हुए यहां तक कहा कि सड़क बनवा दो, नहीं तो कुर्सी से हटवा देंगे। वीडियो में बच्ची गांव की बदहाल सड़क की स्थिति दिखाती नजर आ रही है।
जानकारी के अनुसार वीडियो मुरैना जिले की सिकरोड़ी ग्राम पंचायत के रामरतन का पुरा गांव का बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव की सड़क कई वर्षों से कच्ची है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव हो गया है। ऐसे में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में बच्ची मुख्यमंत्री से सड़क की बदहाली को लेकर सवाल करती दिखाई दे रही है। बच्ची कहती है कि सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करती है, लेकिन गांव में सड़क नहीं होने से बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। इसके बाद वह सड़क की स्थिति दिखाते हुए मुख्यमंत्री से सड़क बनवाने की मांग करती है और नाराजगी भरे अंदाज में कहती है कि सड़क बनवा दो, नहीं तो कुर्सी से हटवा देंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में गांव की कच्ची सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है। जलभराव और कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों के मुताबिक बीमार लोगों और प्रसूताओं को अस्पताल तक पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ग्रामीणों का दावा है कि सड़क निर्माण की मांग पंचायत से लेकर जनप्रतिनिधियों तक कई बार की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
मासूम बच्ची का सड़क की बदहाली के बीच बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गांव की सड़क और ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण होने से बच्चों की स्कूल तक पहुंच आसान होगी और आपात स्थिति में मरीजों को भी समय पर अस्पताल ले जाया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें : छतरपुर में दबंगों पर लाठी-डंडों और हथियारों से मारपीट का आरोप, एसपी से न्याय की गुहार लगाने पहुंचा परिवार
मुरैना के ग्रामीण इलाकों में बारिश के दौरान कच्ची और जर्जर सड़कों की समस्या सामने आती रही है। करीब एक महीने पहले दिमनी विधानसभा क्षेत्र के हवेली गांव में भी सड़क की बदहाली को लेकर एक युवक ने दंडवत प्रदर्शन किया था और तीन दिन तक अनशन किया था। अब सात साल की बच्ची के वीडियो ने एक बार फिर ग्रामीण सड़कों की स्थिति को चर्चा में ला दिया है।