मुरैना में सड़क किनारे मलबा हटाने को लेकर खूनी संघर्ष, पूर्व पार्षद समेत चार घायल, दोनों पक्षों पर केस दर्ज

Morena Viral Video : मुरैना के टंच रोड पर मलबा हटाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। पूर्व पार्षद समेत चार लोग घायल हुए, पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Morena Road Clash Case
मारपीट (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Morena Road Clash Case : मुरैना जिले में टंच रोड पर सड़क किनारे पड़े मकान के मलबे को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इस झड़प में पूर्व पार्षद समेत चार लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों को लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते देखा जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के टंच रोड पर बृजेश यादव के मकान के सामने लंबे समय से पुराने मकान का मलबा पड़ा हुआ था। गुरुवार सुबह बृजेश यादव और उनके भाई राहुल यादव JCB से मलबा हटवा रहे थे। इसी दौरान पूर्व पार्षद अजय उर्फ अल्लो यादव अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का विरोध करने लगे।

देखते ही देखते मारपीट में बदला विवाद

शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान बृजेश यादव, राहुल यादव, पूर्व पार्षद अजय यादव और राधाचरण यादव घायल हो गए।

पूर्व पार्षद समेत कई पर मामला दर्ज

घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बृजेश यादव की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व पार्षद अजय उर्फ अल्लो यादव, राधाचरण यादव, राजेंद्र यादव और बृजेंद्र सिंह यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, पूर्व पार्षद अजय यादव की शिकायत पर बृजेश यादव, राहुल यादव, अंकित यादव और दो अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

जांच कर रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com