मुरैना में बड़ा हादसा टला: हाईटेंशन लाइन टूटकर सड़क पर गिरी, तार से निकलती चिंगारियों के बीच जारी रही आवाजाही

Morena Electricity Line Accident : मुरैना के वेयरहाउस रोड पर हाईटेंशन बिजली लाइन टूटकर सड़क पर गिर गई। तार से चिंगारियां निकलती रहीं, लेकिन समय पर बिजली बंद होने से बड़ा हादसा टल गया।
Morena High Tension Line Accident
हाई टेंशन लाइन से निकली चिंगारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Morena High Tension Line Accident : मुरैना शहर के व्यस्त वेयरहाउस रोड पर मंगलवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसके बाद काफी देर तक उसमें से चिंगारियां निकलती रहीं। गनीमत रही कि समय रहते बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार घटना आनंदी वाटिका के सामने की है। रात के समय करीब 50 मीटर लंबी हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण लगातार चिंगारियां निकलती रहीं। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी थी और लोग जान जोखिम में डालकर वहां से गुजरते रहे।

सड़क गीली होने के कारण बढ़ा खतरा

बारिश के कारण सड़क गीली होने से खतरा और बढ़ गया था। जिस जगह बिजली का तार गिरा, वहीं एक कार भी खड़ी थी। हालांकि, समय रहते किसी वाहन चालक या राहगीर के इसकी चपेट में आने से बड़ा हादसा टल गया। सड़क पर घूमने वाले मवेशियों के लिए भी यह स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई थी।

सूचना के बाद बंद की गई बिजली सप्लाई

स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली कंपनी को घटना की सूचना दी। इसके बाद बिजली सप्लाई बंद की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली बंद नहीं की जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

घटना के बाद बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शहर में पुरानी और जर्जर बिजली लाइनों की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते लाइनों की मरम्मत की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com