मुरैना में नशे में धुत पति बना हैवान; खाना नहीं परोसने पर पत्नी को सरिए से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Drunken Husband Killed Wife In Morena: मुरैना के दिमनी में घरेलू विवाद में खूनी वारदात; शराबी पति धर्मेंद्र ने लोहे के सरिए से पीटकर पत्नी निशा जाटव की हत्या की, भाई की शिकायत पर केस दर्ज।
morena-dimni-nisha-jatav-murder-drunken-husband-killed-wife
पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Morena Dimni Nisha Jatav Murder: मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत एक पति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की सरिए से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना दिमनी थाना क्षेत्र के सहरियन का पुरा गांव की है। मृतका की पहचान निशा जाटव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति धर्मेंद्र जाटव बताया गया है। ग्रामीणों के अनुसार धर्मेंद्र शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम धर्मेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से खाना परोसने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया।

मामूली विवाद के बाद किया जानलेवा हमला

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पत्नी द्वारा पति के नशे का विरोध किए जाने पर धर्मेंद्र भड़क गया। पहले उसने निशा के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने घर में रखा लोहे का सरिया उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सरिए से किए गए वार इतने गंभीर थे कि निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के दौरान घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों में दहशत, आरोपी मौके से फरार

पत्नी को मृत अवस्था में देखकर आरोपी धर्मेंद्र जाटव मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल बन गया। मृतका की चचेरी बहन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार पहले से ही आक्रामक था और वह अक्सर शराब के नशे में परिवार के लोगों से विवाद करता था।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी

सूचना मिलते ही दिमनी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के भाई कोमल जाटव की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार धर्मेंद्र जाटव की तलाश में जुटी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com