

Chambal Steamer Service Demand Protest: मुरैना के उसैद-पिनाहट घाट पर गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टीमर चालू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस के महुआ ब्लॉक अध्यक्ष शेर सिंह तोमर ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। नेता के नदी में कूदते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घाट पर तैनात पुलिस ने तत्काल गोताखोर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों की मदद से कांग्रेस नेता को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार उसैद-पिनाहट घाट पर 16 अगस्त से स्टीमर का संचालन बंद है। इससे अंबाह और पोरसा क्षेत्र से उत्तर प्रदेश के पिनाहट जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टीमर से यह दूरी करीब चार किलोमीटर है, जबकि सड़क मार्ग से लोगों को 140 से 160 किलोमीटर तक का सफर करना पड़ता है।
स्टीमर शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी के महुआ ब्लॉक अध्यक्ष शेर सिंह तोमर पिछले दो दिनों से अधिकारियों को आवेदन दे रहे थे। उनका कहना था कि राखी के पर्व के चलते लोगों का आवागमन बढ़ गया है और स्टीमर का संचालन जल्द शुरू किया जाना जरूरी है।
गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब स्टीमर संचालन को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ तो कांग्रेस नेता नाराज हो गए। इसी दौरान उन्होंने चंबल नदी में छलांग लगा दी। नेता को नदी में कूदता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि 16 अगस्त को नगरा घाट से उत्तर प्रदेश के कैंजरा घाट की ओर जा रहा सवारियों से भरा स्टीमर चंबल नदी में बह गया था। करीब तीन घंटे तक स्टीमर पानी में बहता रहा और उसमें सवार 64 लोगों की जान संकट में रही। घटना के बाद नगरा घाट के स्टीमर को पुलिस ने जब्त कर लिया था। इसी के बाद उसैद-पिनाहट घाट का स्टीमर भी बंद करवा दिया गया था। घाट पर पहले से पुलिस बल तैनात था।
महुआ थाना प्रभारी उपेंद्र पाराशर ने कांग्रेस नेता को नदी में छलांग लगाते देखा और तत्काल गोताखोरों व पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा। पुलिस की तत्परता से कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्टीमर बंद होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन प्रभावित है। अब कांग्रेस नेता के चंबल में छलांग लगाने के बाद एक बार फिर स्टीमर संचालन का मुद्दा सुर्खियों में आ गया है।