मुरैना में टला बड़ा हादसा, रेत से भरा डंपर ट्रांसफॉर्मर के खंभे से टकराया; धंसा फुटपाथ और पलट गया वाहन

Major Accident Averted In Morena: मुरैना में एनएच-552 पर फुटपाथ धंसने से रेत से भरा डंपर पलटा, ट्रांसफार्मर का खंभा झुका, चालक फरार, सिंध नदी की अवैध रेत होने की जांच में जुटा वन विभाग।
Morena NH 552 Dumper Accident Collide With Trnasformer
मुरैना में रेत से भरा डंपर पलटा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Morena NH 552 Dumper Accident: मुरैना के नेशनल हाईवे-552 पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जौरा रोड स्थित मथुरा मार्केट के पास रेत से भरा एक डंपर फुटपाथ धंसने के कारण पलट गया। और ड्राइवर ने डंपर से कूदकर अपनी जान बचाई , हादसे के दौरान डंपर के पास ही बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

डंपर पलटने से उसमें भरी रेत सड़क किनारे फैल गई और ट्रांसफार्मर का खंभा भी तिरछा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी।

जौरा की तरफ जा रहा था रेत से भरा डंपर

जानकारी के अनुसार राजस्थान नंबर का रेत से भरा डंपर बैरियर चौराहा की ओर से जौरा की तरफ जा रहा था। जब डंपर मथुरा मार्केट के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के लिए चालक ने डंपर को हाईवे से नीचे उतार दिया। जैसे ही भारी-भरकम डंपर के पहिए फुटपाथ पर चढ़े, जमीन उसका भार नहीं संभाल सकी और धंस गई। देखते ही देखते डंपर असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया लेकिन डंपर पलटने से पहले ही ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचा ली जिस स्थान पर डंपर पलटा, वहां बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था।

ट्रांसफार्मर के खंभे से टकराया डंपर

डंपर की बॉडी का एक हिस्सा ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गया, जिससे खंभा तिरछा हो गया। हालांकि ट्रांसफार्मर को बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा और बिजली आपूर्ति भी बाधित नहीं हुई। हादसे के समय सड़क किनारे कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया डंपर में भरी रेत को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है।

वन विभाग की टीम ने रेत के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे

प्रारंभिक आशंका चंबल नदी की रेत होने की जताई गई थी लेकिन मौके पर पहुंचे अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह सिंध नदी की रेत प्रतीत हो रही है। रेत की वास्तविक उत्पत्ति का पता लगाने के लिए वन विभाग की टीम ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज

सिविल लाइन थाना पुलिस ने हादसे के बाद डंपर चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना कारित करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं प्रशासनिक अमला पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। फुटपाथ की कमजोर स्थिति और भारी वाहनों के दबाव के चलते हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे किनारे बने ढांचों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन थोड़ी सी चूक बड़ा हादसा साबित हो सकती थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com