'गुडबाय दोस्तों...', मुरैना के 'धोनी' ने मरने से पहले लगाया आखिरी स्टेटस, फिर प्रेमिका संग लगा ली फांसी

Morena News: मध्य प्रदेश के मुरैना से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। एक युवक और युवती ने साथ में फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि दोनों के घर वाले उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे।
Morena Chhatarpura Village Young Couple Suicide Inter Caste Love Affair
योगेश का स्टेटस (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Morena Love Story Suicide Case: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। देवगढ़ थाना क्षेत्र के छत्तरपुरा गांव में सामाजिक और पारिवारिक दबावों के चलते एक युवक और युवती ने अपनी जान दे दी। दोनों ने गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर एक ही साड़ी के अलग-अलग सिरों से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में गहरा शोक और सन्नाटा छा गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, छत्तरपुरा गांव के रहने वाले 21 वर्षीय योगेश शर्मा उर्फ धोनी और 19 वर्षीय अंजलि प्रजापति के बीच प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जातीय पृष्ठभूमि से थे, जिसके कारण उनके परिवार इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे।

दोनों की शादी के लिए नहीं मान रहे थे घरवाले

जानकारी के अनुसार युवक ब्राह्मण समाज से था, जबकि युवती कुम्हार समाज से जुड़ी थी। इस सामाजिक भिन्नता के चलते दोनों के रिश्ते को मंजूरी नहीं मिल पाई, और इसी तनाव के बीच उन्होंने यह चरम कदम उठा लिया। बता दें कि आत्महत्या करने से पहले योगेश ने सोशल मीडिया पर स्टेटस भी लगाया था।

योगेश ने मरने से पहले लगाया स्टेटस

घटना से पहले योगेश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वॉयस मैसेज साझा किया था, जिसमें उसने कहा कि वह और उसकी प्रेमिका अपनी इच्छा से यह कदम उठा रहे हैं और इसके लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।इसके अलावा उसने एक अन्य स्टेटस में “गुडबाय दोस्तों” लिखकर परिचितों से मानो आखिरी विदाई ली थी। सोमवार सुबह जब गांव के लोग रोजमर्रा के काम के लिए खेतों की ओर निकले, तब उनकी नजर पेड़ पर लटके दोनों के शवों पर पड़ी। यह मंजर देखकर गांव में हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत पुलिस और दोनों के परिजनों को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया शव

सूचना मिलते ही देवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मुरैना जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी एसआई जयपाल गुर्जर के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और आपस में रिश्ते में थे।

फांसी के लिए इस्तेमाल की एक ही साड़ी

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि फांसी के लिए एक ही साड़ी का इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com