मुरैना में अवैध रेत ले जा रहे ट्रैक्टर ने वन विभाग के कांस्टेबल को रौंदा, मौके पर ही मौत; आरोपी हुए फरार

Madhya Pradesh News: मुरैना जिले में एक बार फिर रेत माफिया का खौफनाक चेहरा सामने आया है। दिमनी इलाके के रानपुर तिराहे पर बुधवार सुबह वन विभाग के एक कांस्टेबल को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मार दिया।
Madhya Pradesh News Morena Sand Mafia Kill Constable
हरिकेश गुर्जर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Morena Sand Mafia Kill Constable: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक बार फिर रेत माफिया का खौफनाक चेहरा सामने आया है। दिमनी इलाके के रानपुर तिराहे पर बुधवार सुबह वन विभाग के एक कांस्टेबल को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मार दिया गया। इस घटना ने न सिर्फ इलाके में सनसनी फैला दी है बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद आरोपी माफिया फरार हो गए हैं, मृतक कांस्टेबल का नाम हरिकेश गुर्जर बताया गया है।

गश्त के दौरान हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे वन विभाग की टीम रूटीन बीट गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दिए। जब टीम ने इन्हें रोकने की कोशिश की तो एक ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर कांस्टेबल हरिकेश गुर्जर को कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल हरिकेश गुर्जर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच तेज

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन और रेत माफिया के बढ़ते प्रभाव को उजागर कर दिया है, जो कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

आईपीएस नरेंद्र कुमार हत्याकांड की ताजा हुई यादें

यह घटना 2012 में हुए चर्चित नरेंद्र कुमार हत्याकांड की याद दिलाती है। 8 मार्च 2012 को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रेत माफिया ने युवा आईपीएस अधिकारी नरेंद्र कुमार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मार डाला था। उस समय यह घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली थी। नरेंद्र कुमार एक तेजतर्रार अधिकारी थे और आईएएस मधु रानी तेवतिया के पति थे। मुरैना में एक बार फिर वैसी ही घटना सामने आने से यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर कब तक रेत माफिया का यह आतंक जारी रहेगा और प्रशासन इस पर लगाम लगाने में कब सफल होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com