मंडला में गणेश पंडाल में पसरा मातम, मंच पर करंट फैलने से 4 युवकों की दर्दनाक मौत; गंभीर रूप से घायल

Ganesh Pandal Accident Mandla: नैनपुर में गणेश पंडाल में दिल दहला देने वाला हादसा, हीरापुर गांव में गणेश मंच पर सो रहे युवकों पर फैला करंट, बिजली के जोरदार झटके से 18-19 साल के 4 युवकों की मौत।
Four youths die after electric shock at Ganesh pandal in Mandla
मंडला में दर्दनाक हादसा, 4 युवकों की करंट लगने से मौत(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Four Youths Die After Electric Shock Mandla: मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हीरापुर में गणेश उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गणेश मंच में अचानक करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

गणेश मंच में अचानक फैला करंट, मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि हीरापुर गांव में गणेश उत्सव के लिए मंच और पंडाल बनाया गया था। रात के समय करीब सात युवक इसी गणेश मंच पर सो रहे थे। सभी युवकों की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। अलसुबह अचानक मंच में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से वहां सो रहे युवकों को बिजली का तेज झटका लगा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार गणेश मंच पर बिजली का कनेक्शन सीधे बिजली के खंभे से लिया गया था। हालांकि मंच में करंट फैलने की वास्तविक वजह क्या रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

चार युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

हादसे में चार युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान रवि झरिया, वीरेंद्र भावरे, कृष्ण कुमार भावरे और जैनु भावरे के रूप में हुई है। वहीं प्रांशु भावरे हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय पंडाल में कुल सात युवक मौजूद थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Four youths die after electric shock at Ganesh pandal in Mandla
उज्जैन में 2-3 दिन में दौड़ेंगी 10 ई-बसें; 27 किमी के उज्जैन दर्शन रूट से होगी शुरुआत

मौके पर पहुंचा प्रशासन, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, नैनपुर थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्राथमिक जानकारी में बिजली का कनेक्शन खंभे से लिए जाने की बात सामने आई है, लेकिन करंट किस वजह से मंच में फैला, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गांव में पसरा मातम, जांच के बाद सामने आएगी वजह

गणेश उत्सव के दौरान हुए इस हादसे से हीरापुर गांव में शोक की लहर है। एक साथ चार युवकों की मौत से ग्रामीण और उनके परिजन सदमे में हैं। जिला प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बिजली कनेक्शन, मंच की व्यवस्था और करंट फैलने के कारणों की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com