खरगोन में मौत पर बवाल: युवक की संदिग्ध डेथ के बाद भड़का आक्रोश, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर किया हमला

Villagers Attack Police: खरगोन के दामखेड़ा गांव में युवक की संदिग्ध मौत के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है।
Khargone Youth Death News
पुलिसकर्मी पर किया हमला (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Khargone Youth Death News: खरगोन के चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दामखेड़ा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। युवक का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए, जिससे माहौल गरमा गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर जादू-टोना करने और घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया। आरोपों के बीच ग्रामीणों ने दामखेड़ा फाटे पर चक्काजाम कर दिया और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।

ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर किया हमला

स्थिति उस समय और अधिक बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। इस दौरान कुछ आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनावपूर्ण हालात दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद मामले ने पूरे जिले में चर्चा का विषय बना दिया है।

4 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आसपास के चार थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचाया गया। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांत कराया गया। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस से मारपीट और कानून व्यवस्था भंग करने के मामले में भी वीडियो फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com