

President Droupadi Murmu Omkareshwar Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 और 19 जून को धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान मंदिर दर्शन और शहर की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 18 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। इसके बाद वे एनएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी। शाम 6:20 बजे राष्ट्रपति ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और ममलेश्वर मंदिर में दर्शन और आरती में शामिल होंगी। प्रेसिडेंट का रात्रि विश्राम भी एनएचडीसी गेस्ट हाउस में रहेगा। 19 जून को सुबह राष्ट्रपति सिकल सेल जागरुकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम के बाद सुबह 11:30 बजे वे हेलीकॉप्टर से इंदौर के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के मंदिर दर्शन को लेकर मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन की जिम्मेदारी पंडित डंकेश्वर दीक्षित को सौंपी गई है। सुरक्षा कारणों से हेलीपैड से एनएचडीसी गेस्ट हाउस और वहां से मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को देखते हुए 18 जून को दोपहर 3 बजे के बाद ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिर में आम श्रद्धालुओं के साथ वीआईपी दर्शन भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने इस अवधि में वीआईपी टिकट बुकिंग पर भी रोक लगा दी है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए ओंकारेश्वर क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, जो 19 जून दोपहर तक प्रभावी रहेगा। भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। वहीं बसों और छोटे-बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को ट्रेंचिंग ग्राउंड और ताम्रकार पार्किंग क्षेत्र से मंदिर तक पैदल जाना होगा। राष्ट्रपति के काफिले के दौरान कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से नो व्हीकल जोन बनाया जाएगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि राष्ट्रपति का प्रवास शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।