ओंकारेश्वर में हरियाणा के श्रध्दालुओं से मारपीट करने वाले 6 कर्मचारी सस्पेंड, प्रशासन ने लिया बड़ा एक्शन

Omkareshwar Temple Viral Video: ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में हरियाणा के श्रद्धालुओं और मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारियों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद 6 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
Omkareshwar Temple Trust Staff Suspended
वायरल वीडियो (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Omkareshwar Temple Trust Staff Suspended: ओंकारेश्वर मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं और मंदिर कर्मचारियों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने सख्त कदम उठाए हैं। अधिक मास के कारण इन दिनों मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

जानकारी के मुताबिक हरियाणा से आए करीब 30 श्रद्धालुओं का दल झूला पुल क्षेत्र स्थित वीआईपी प्रोटोकॉल कार्यालय, ब्रह्मपुरी पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर श्रद्धालुओं और कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई।

सुपरवाइजर समेत 6 कर्मचारी स्सपेंड

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के सुपरवाइजर दीपक मालाकार समेत अंकित योगी, राहुल चौहान, महेंद्र सिंह चौहान, शुभम राजपूत और उमाशंकर सिसोदिया को तत्काल प्रभाव से सेवा से अलग कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच भी की जा रही है।

मान्धाता थाना पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई

प्रशासन के मुताबिक मामले में मान्धाता थाना पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और मंदिर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही पूरे मामले की निगरानी की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

श्रद्धालु जबरन झूला पुल क्षेत्र में घुसने की कर रहे थे कोशिश?

जानकारी के अनुसार कुछ श्रद्धालु जबरन झूला पुल क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारियों ने उन्हें समझाने और रोकने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर लाठी-डंडे तक चलने लगे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com