खंडवा में दर्दनाक हादसा: तालाब में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

Two Brothers Drowned: खंडवा के पलासी गांव में तालाब में नहाने के दौरान दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।
Khandwa Drowning Case
पीड़ित परिजन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Khandwa Drowning Case: खंडवा के धनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पलासी में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पलासी निवासी राजू गुर्जर अपनी पत्नी के साथ खेत में मजदूरी करने गया था। दोपहर करीब 2 बजे उसके दोनों बेटे सुधीर (15 वर्ष) और राज (12 वर्ष) भी खेत पर पहुंच गए। खेत के पास स्थित तालाब में राजू अपने पशुओं को पानी पिलाने गया था, इसी दौरान दोनों बच्चे तालाब के पास पहुंच गए।

खेलते-खेलते गहरे पानी में चले गए दोनों भाई

बताया जा रहा है कि दोनों भाई तालाब में नहाने लगे और खेलते-खेलते गहरे पानी में चले गए। गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों बच्चे डूबने लगे। उस समय पिता खेत में काम में व्यस्त था और उसे घटना की जानकारी देर से लगी। कुछ देर बाद जब दोनों बच्चे नजर नहीं आए तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में खोजबीन की और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल खंडवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किए परिजनों के बयान

घटना की जानकारी मिलते ही धनगांव थाना प्रभारी जीपी वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, विशेषकर मां की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर परिजन और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए।

मामले की जांच कर रही पुलिस

परिजनों के अनुसार, दोनों भाई सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते थे और इंस्टाग्राम पर रील बनाकर पोस्ट करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों बच्चों की मौत तालाब में नहाने के दौरान डूबने से हुई है। खंडवा पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com