Jabalpur News: 100 दिन में 25 चोरियां और जीरो खुलासा! पाटन में फूटा जनता का गुस्सा; थाने के बाहर जताया विरोध

Protest In Patan: पाटन में बढ़ती चोरियों और अपराध के खिलाफ स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया, थाने के बाहर जमकर विरोध जताया गया और पुलिस को वारदातों का खुलासा करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया।
Patan Police Station Crime Increase Public Protest News Update
पाटन में पुलिस के खिलाफ आंदोलन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Patan Police Station Protest Jabalpur: पाटन थाना क्षेत्र पिछले तीन महीनों से लगातार चर्चा में है। यहां चोरी, सड़क दुर्घटनाएं, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, पिछले 100 दिनों में 25 से अधिक बड़ी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जबकि अन्य अपराधों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ा है।

तहसील कार्यालय और पुलिस थाना रहवासी क्षेत्र के बीच स्थित होने के बावजूद आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण न होने से लोगों में भय का माहौल बन गया है। स्थिति यह है कि आक्रोशित स्थानीय लोग अब सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने किया आंदोलन

पुलिस थाने के लगातार चक्कर लगाने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं मिला तो स्थानीय लोगों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया। सैकड़ों की संख्या में पीड़ित और ग्रामीण पाटन चौराहे पर एकत्र हुए और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया।

लोगों द्वारा निकाला गया पैदल मार्च

बता दें कि,जब किसी भी जिम्मेदार अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से आक्रोश बढ़ा, तो भीड़ पैदल मार्च करते हुए पाटन थाने पहुंच गई। यहां थाने के बाहर लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद एसडीएम मानवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ितों एवं स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया।

जनता ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

एसडीएम के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने चेतावनी भी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया तो पाटन बंद कर बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।

गौरतलब है कि, नगर के कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि चोरी की घटनाओं में पुलिस की मिलीभगत हो सकती है, क्योंकि अब तक मध्य प्रदेश के जबलपुर की पाटन पुलिस किसी भी बड़ी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जनता में पुलिस के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com