

Jabalpur Railway Station Accident: जबलपुर के मुख्य रेलवे स्टेशन से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एक युवक ट्रेन को आता देखकर अचानक रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गया। इसी दौरान ट्रेन का इंजन उसके पैरों से टकरा गया, जिससे उसका बायां पैर कट गया, जबकि दूसरा पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल युवक को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में युवक का उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बता दें कि, इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन धीमी गति से आ रही है। जिसे देखकर युवक पटरी पर जा कर लेट गया। इस घटना के बाद पूरे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से काफी परेशना है। जिस वजह से उसने यह कदम उठाया है।
रेलवे सुरक्षा बल थाना प्रभारी राजीव खरब के अनुसार शहडोल निवासी हरिओम नामदेव स्टेशन पहुंचा जहां 3 नंबर प्लेटफॉर्म वह ट्रेन का इंतजार कर रहा था, सुबह करीब 11:30 बजे जब रीवा जबलपुर इंटरसिटी ट्रेन प्लेटफॉर्म के पास पहुंची तभी अचानक हरिओम पटरियों के पास पहुंचा और प्लेटफॉर्म से कूदकर पटरियों पर चला गया और दोनों पैर पटरी पर रखकर इंजन के सामने लेट गया। ट्रेन का पायलट जब तक ट्रेन रोकता तब तक इंजन का अगला हिस्सा हरिओम के पैरों से टकरा चुका था। यह नजारा देखते ही वहां मौजूद यात्री सकते में आ गए।
हादसे के बाद हरिओम को बेहोशी की हालत में आरपीएफ जवानों और अन्य यात्रियों ने उसे 108 के जरिए मेडिकल अस्पताल भेजा, हरिओम के कपड़ों से ट्रेन की टिकट, मोबाइल और अन्य दस्तावेज मिले जिससे उसके परिवार से संपर्क किया।
परिजनों ने आरपीएफ अधिकारियों को बताया कि वह कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा है लेकिन किसी को भी अपनी परेशानी का कारण नहीं बताया। बहरहाल हरिओम का इलाज चल रहा है और जल्द ही आरपीएफ उससे इस आत्मघाती कदम उठाने का कारण भी जानने का प्रयास करेगी।