

Jabalpur Girls Fight: संस्कारधानी जबलपुर में बीच सड़क दो युवतियों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह मामला शहर के व्यस्त गंजीपुरा इलाके का है, जहां दोनों लड़कियां आपस में भिड़ गईं। वायरल वीडियो में दोनों एक-दूसरे के बाल पकड़कर सड़क पर मारपीट करती दिखाई दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों युवतियां एक स्पा सेंटर में काम करती हैं। किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। वीडियो में दोनों एक-दूसरे को थप्पड़ मारते और बाल खींचते नजर आ रही हैं।
घटना के दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही जारी रही, लेकिन काफी देर तक किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। बाद में आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग कराया। इसके बाद समझाइश देकर उन्हें वहां से रवाना कर दिया गया।
मारपीट के दौरान वहां मौजूद किसी राहगीर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर “Cat Fight at Street” नाम से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद शहरभर में इसकी चर्चा हो रही है।
हालांकि अब तक दोनों युवतियों की ओर से किसी भी थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के पास भी मामले को लेकर कोई औपचारिक सूचना नहीं पहुंची है। फिलहाल विवाद की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। जबलपुर में सड़क पर विवाद और झगड़े की घटनाएं आम मानी जाती हैं, लेकिन बीच सड़क लड़कियों के बीच इस तरह की मारपीट का मामला कम देखने को मिलता है। यही कारण है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।