जबलपुर में 10 दिन के अंदर 5 हत्याएं, कहीं चाकूबाजी तो कहीं पारिवारिक विवाद बना मौत की वजह

Jabalpur Crime News: दीपावली पर हत्याओं से दहला जबलपुर, कुंडम, घमापुर, चरगवां और गोरखपुर में चार अलग-अलग वारदातों में 5 लोगों की मौत। पुलिस ने कई आरोपियों को दबोचा।
Five Murders In Ten Days Jabalpur
प्रतीकात्मक तस्वीर(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS:

  • दीपावली पर जबलपुर में हत्या की चार वारदातों से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल।

  • कुंडम में पुरानी रंजिश के चलते 19 वर्षीय आकाश की चाकू मारकर हत्या।

  • कुंडम हत्याकांड में मुख्य आरोपी प्रीतम मार्को समेत तीन गिरफ्तार।

  • घमापुर में जुए के विवाद में कार्तिक चौधरी और करण पासी की हत्या।

Five Murders In Ten Days Jabalpur: दीपावली पर शहर और जिले में हत्या की वारदातों ने कानून- व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं पुरानी रंजिश में युवक को चाकू से गोदकर मार डाला गया, तो कहीं जुआ खेलने के विवाद में दो युवकों की हत्या कर दी गई।

वहीं, पारिवारिक विवाद में पति पर पत्नी की हत्या का आरोप लगा। ताजा मामलों में गोरखपुर थाना क्षेत्र में भी एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

कुंडम में 19 वर्षीय युवक की हत्या

हत्या की पहली घटना कुंडम थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां 19 वर्षीय आकाश उर्फ अक्कू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि आकाश दीपावली मनाने गांव आया था। दोस्तों के साथ कुंडेश्वर मंदिर से लौटते समय आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई गई। मामले में मुख्य आरोपी प्रीतम मार्को सहित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई।

घमापुर में जुए के विवाद में दो युवकों की हत्या

दूसरी वारदात घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर स्थित हनुमान टोरिया इलाके में हुई। यहां दीपावली त्योहार की रात करीब 10 लोगों ने कार्तिक चौधरी और करण पासी पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करण ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद और पुरानी रंजिश को वारदात की वजह बताया गया। मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी और तीन नाबालिगों की संलिप्तता भी पाई गई।

चरगवां में पति पर पत्नी की हत्या का आरोप

तीसरी घटना चरगवां थाना क्षेत्र के भिड़की गांव की है। यहां सुकरती बाई का शव घर के बाहर दहलान में मिला। आरोप है कि उसके पति नेमचंद ठाकुर ने लाठी से पीट- पीटकर उसकी हत्या कर दी। पति पत्नी के बीच आए दिन होने वाले विवाद को वारदात की वजह बताया गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Five Murders In Ten Days Jabalpur
उज्जैन को दिलाया देश में मान, जनप्रतिनिधियों ने सफाई कर्मियों संग महाकाल के दरबार में टेका माथा

गोरखपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या

चौथी वारदात जबलपुर शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र के सेठी नगर में सामने आई। यहां 24 वर्षीय आदित्य उर्फ अड्डू बेन पर केशू बेन ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में आदित्य को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पुलिस की लिए बड़ी चुनौती

हत्या, मारपीट, लूट और चोरी की वारदातें जबलपुर के लिए आम घटनाएं हो गई हैं, लेकिन दीपावली जैसे महापर्व पर लगातार सामने आई हत्याओं की इन वारदातों ने शहर और जिले में सुरक्षा व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Five Murders In Ten Days Jabalpur
उज्जैन में कार्तिक-अगहन पर निकलेंगी भगवान महाकाल की चार सवारियां, 7 दिसंबर को होगी राजसी सवारी