जबलपुर में मोबाइल दुकान और चाय टपरे में घुसी तेज रफ्तार कार, 6 लोग घायल, हिरासत में ड्राइवर

Jabalpur Swift Car Crash: जबलपुर के अधारताल में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार मोबाइल दुकान और चाय के टपरे में घुस गई। हादसे में 6 लोग घायल हुए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Jabalpur Car Accident
कार एक्सीडेंट (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Jabalpur Car Accident: जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में देर शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मोबाइल दुकान और चाय के टपरे में घुस गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जबकि दुकानों में रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार हादसा जयप्रकाश नगर इलाके में हुआ। स्विफ्ट कार (क्रमांक MP 34 CA 0718) का चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर अचानक वाहनों के रुक जाने के कारण चालक ने टक्कर से बचने के लिए कार को बाईं ओर मोड़ दिया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सीधे मोबाइल दुकान और पास में स्थित चाय के टपरे में जा घुसी, जहां कई लोग खड़े थे।

हादसे में 6 लोग हुए घायल

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का सामान बिखर गया और मौके पर मौजूद छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने जब्त की कार, घायलों को अस्पताल पहुंचाय

सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार और चालक को अपने कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा। सभी घायलों का इलाज जारी है।

चालक पुलिस हिरासत में, जांज चारी

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था या नहीं। इसके लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चालक किस उद्देश्य से जबलपुर आया था और दुर्घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com