इंदौर : जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा पर बीजेपी का पलटवार, मुफ्त शिक्षा की मांग को बताया 'भाजपा की योजना'

MP Political News: BJP प्रदेश प्रवक्ता राकेश यादव ने जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा और केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की मांग पर निशाना साधते हुए कहा कि यह योजना पहले ही भाजपा ओडिशा में लागू कर चुकी है।
Rakesh Yadav on Jitu Patwari Cycle Yatra
राकेश यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Rakesh Yadav on Jitu Patwari Cycle Yatra : मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की इंदौर से भोपाल तक निकाली जा रही दो दिवसीय साइकिल यात्रा और केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की मांग पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश यादव ने कांग्रेस की इस मांग को पूरी तरह खोखला बताते हुए दावा किया कि मुफ्त शिक्षा का यह मॉडल पहले से ही भाजपा की सोच और नीति का हिस्सा है।

इंदौर में मीडिया से बातचीत करते हुए राकेश यादव ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की नीति को मंजूरी दी है और इसके लिए बजट में प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने दावा किया कि यह व्यवस्था शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू की जा रही है।

जीतू पटवारी पर साधा निशाना

राकेश यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जिस योजना को पहले ही लागू करने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है, उसे कांग्रेस अपनी नई मांग बताकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस का "मानसिक दिवालियापन" बताया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति ने खड़े किए सवाल

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के अंदरूनी हालात पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति कई सवाल खड़े करती है। यादव ने दावा किया कि दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, अजय सिंह और अरुण यादव जैसे वरिष्ठ नेता इस यात्रा से दूरी बनाए हुए हैं।

पटवारी को दी चुनौती

राकेश यादव ने जीतू पटवारी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा को लेकर गंभीर है तो उसे पहले उन राज्यों में इस योजना को लागू कराना चाहिए, जहां कांग्रेस की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा में योजना के सफल क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग के बाद भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अन्य राज्यों में भी इसे लागू करने पर विचार कर सकता है। भाजपा ने कांग्रेस की साइकिल यात्रा को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि जनता अब ऐसे मुद्दों पर गुमराह नहीं होने वाली है।

Navbharat Live
navbharatlive.com