

Indore Sets World Record with Waste Segregation Selfies: स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान बना चुके इंदौर ने एक बार फिर विश्व स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के तहत शहर के 5 लाख 46 हज़ार 724 नागरिकों ने कचरा सेग्रीगेशन के साथ सेल्फी लेकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि को लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया जा सकता है। यह रिकॉर्ड स्वच्छता के प्रति इंदौरवासियों की जागरूकता और जनभागीदारी का प्रतीक माना जा रहा है।
नगर निगम इंदौर ने अभियान के तहत 5 लाख नागरिकों से सेग्रीगेशन वाली सेल्फी लेने का लक्ष्य तय किया था। लेकिन शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए लक्ष्य को पार कर 5 लाख 46 हज़ार 724 सेल्फियां अपलोड कीं और नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया। अभियान के दौरान नागरिकों ने गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक, सैनिटरी, ई-वेस्ट सहित छह श्रेणियों में अलग किए गए कचरे के साथ सेल्फी लेकर स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण का संदेश दिया।
इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम के सभी 85 वार्डों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें सफाई मित्र, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन चालक, स्वयंसेवी संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान, व्यापारी संगठन, रहवासी संघ और सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भूमिका निभाई। शहरभर में विशेष सेल्फी प्वाइंट्स और कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से भी लोगों को अभियान से जोड़ा गया।
यह भी पढें:
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस उपलब्धि पर इंदौरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। वहीं नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि यह रिकॉर्ड इंदौर की वर्षों से विकसित स्वच्छता संस्कृति, अनुशासन और जनभागीदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कचरा पृथक्करण स्वच्छ और स्वस्थ शहर की नींव है और इस अभियान ने लाखों लोगों को इस दिशा में जागरूक करने का काम किया।