

Indore Watchman Murder Two Accused Arrested: इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र में लॉ एग्जॉटिका कॉलोनी बाईपास पर चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल टोयोटा ग्लैंजा कार भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त की रात करीब 10 बजे लॉ एग्जॉटिका कॉलोनी के गेट पर तेज रफ्तार कार पहुंची थी। कॉलोनी के चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय ने कार चालक को तेज गति से वाहन चलाने को लेकर टोका। कार में एक युवक और युवती सवार थे।
विवाद बढ़ने पर युवती ने धर्मेंद्र के साथ बहस की और उसे थप्पड़ मार दिया। इसी दौरान धर्मेंद्र के भाई दुर्गेश ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक राजा कुमावत ने उन्हें धमकी भी दी।
विवाद के बाद कॉलोनी मालिक से फोन पर बात होने पर आरोपियों को जाने दिया गया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद राजा कुमावत अपनी टोयोटा कार को कुछ दूर ले जाकर वापस लाया और तेज गति से धर्मेंद्र मालवीय तथा उनकी भाभी ज्योति को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। धर्मेंद्र को इलाज के लिए कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फरियादी दुर्गेश मालवीय की रिपोर्ट पर लसुड़िया थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया। मामले में बीएनएस के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद जोन-2 पुलिस की टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी इंदौर छोड़कर भागने की फिराक में बाईपास स्थित बेस्ट प्राइज के पास बस स्टॉप पर खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा पिता केदार लाल कुमावत और उसकी महिला मित्र के रूप में हुई है।
इंदौर पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लैंजा कार जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों से पुलिस घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।