

German Woman Harassed In Indore: इंदौर के गांधी हॉल में जर्मनी मूल की 35 वर्षीय एनआरआई महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला इंदौर घूमने के दौरान गांधी हॉल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वह परिसर में सेल्फी ले रही थी।
तभी वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने कथित तौर पर उसके साथ अश्लील कमेंट किए और आपत्तिजनक हरकत की। अचानक हुई इस घटना से महिला असहज हो गई और उसने सुरक्षा गार्ड की हरकत का विरोध किया।
महिला के विरोध करने के बाद गांधी हॉल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर मौके पर कुछ देर तक हंगामे जैसी स्थिति बन गई। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत एमजी रोड पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद इंदौर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सुरक्षा गार्ड के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने महिला के बयान और शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
पुलिस ने मामले में गांधी हॉल में तैनात सुरक्षा गार्ड दीपक मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी अभिषेक रंजन ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया और बाद में उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला मूल रूप से जर्मनी की रहने वाली है और एक जर्मन कंपनी के काम के सिलसिले में भारत आई हुई है। फिलहाल वह दिल्ली में रहती है। इंदौर भ्रमण के दौरान वह गांधी हॉल पहुंची थी, जहां उसके साथ यह घटना हुई। सार्वजनिक पर्यटन स्थल पर विदेशी महिला के साथ हुई कथित छेड़छाड़ ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंदौर स्वच्छता के साथ पर्यटन और सुरक्षित शहर की पहचान बनाने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। ऐसे में पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार और निगरानी व्यवस्था को लेकर प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।