MP News: सिलेंडर वेंडर बनकर आए आरोपियों ने 50 से ज्यादा घरों में की चोरी; इंदौर से पकड़े गए राहुल और सौरव

Fake Gas Vendor Case: इंदौर के तेजाजी नगर में गैस सिलेंडर चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, खुद को वेंडर बताकर 50 से अधिक टंकियां उड़ाने वाले राहुल-सौरव सहित 4 गिरफ्तार।
Fake gas delivery agents accused of stealing cylinders from more than 50 houses
इंदौर में गैस सिलेंडर चोरी रैकेट का हुआ पर्दाफाश (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indore Gas Cylinder Theft: दुनियाभर में ऊर्जा संकट और गैस आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच इंदौर में गैस सिलेंडर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने चार ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को गैस टंकी वेंडर बताकर लोगों के घरों में पहुंचते थे और मौका मिलते ही सिलेंडर लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 घरेलू गैस टंकियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। वह गैस एजेंसी के कर्मचारी या वेंडर बनकर लोगों के घरों तक पहुंचते थे। इसके बाद बहाने से गैस टंकी अपने कब्जे में लेकर मौके से फरार हो जाते थे। सिलेंडर की बढ़ती मांग और ऊंची कीमतों को देखते हुए गिरोह ने इसे कमाई का जरिया बना लिया था। कई लोगों को लंबे समय तक पता ही नहीं चलता था कि उनके साथ ठगी और चोरी हो चुकी है।

शिकायत के बाद पुलिस ने बनाई विशेष टीम

तेजाजी नगर थाना पुलिस ने बताया कि 10 जून को फरियादी कमलेश की शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने न केवल तेजाजी नगर बल्कि राऊ, खजराना, आजाद नगर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में भी गैस सिलेंडर चोरी की वारदातें कबूल कीं।

34 गैस टंकियां, बैटरियां और बाइक बरामद

इंदौर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 घरेलू गैस टंकियां, वाहनों में इस्तेमाल होने वाली बैटरियां और वारदात में उपयोग की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 4 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और लगातार अलग-अलग इलाकों में वारदातों को अंजाम दे रहा था।

50 से ज्यादा सिलेंडर चोरी करने का खुलासा

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राहुल और सौरव पहले गैस एजेंसियों में काम कर चुके हैं। इसी वजह से उन्हें गैस वितरण प्रणाली और सिलेंडरों की खरीद-बिक्री की पूरी जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह अब तक करीब 50 गैस सिलेंडर की टंकियां चोरी कर चुका है। चोरी किए गए सिलेंडरों में से कुछ आम लोगों और कुछ गैस एजेंसियों को भी बेच दिए गए थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और खरीदारों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com