इंदौर में मिले अधजले शव की गुत्थी सुलझी, पत्नी से प्रेम संबंध के शक में दोस्त अजय ने ही की थी विनय की हत्या

Indore Crime News : इंदौर के आजाद नगर में मिले अधजले शव को लेकर पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पत्नी से विनय के प्रेम संबंध होने के शक में अजय कापसे ने हत्या कर शव को जलते हुए कचरे में फेंका था।
police investigation into the murder of Vinay Solanki after his partially burnt body
इंदौर का आजाद नगर थाना फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • इंदौर के आजाद नगर में मिले अधजले शव के मामले में पुलिस ने किया हत्या का खुलासा।

  • एरोड्रम में रहने वाले ई-रिक्शा चालक विनय सोलंकी का था शव।

  • विनय के सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से पुलिस ने की पहचान।

  • पत्नी से प्रेम संबंध के शक में अजय कापसे ने की थी विनय सोलंकी की हत्या।

  • विनय की हत्या के बाद शव को कंबल में लपेट कर जलते हुए कचरे पर फेंका था।

Indore Vinay Solanki Murder Case : इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में मिले अधजले शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान एरोड्रम क्षेत्र निवासी विनय सोलंकी के रूप में हुई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अजय को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने विनय की हत्या करना कबूल किया है। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी और विनय के बीच प्रेम संबंध हैं। चरित्र शंका के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। हत्या से पहले दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद हुए विवाद में आरोपी ने विनय की हत्या कर दी और शव को कंबल में लपेटकर जलते हुए कचरे में फेंक दिया था।

सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से हुई मृतक की पहचान

दरअसल आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के पास तीन दिन पहले एक युवक का अधजला शव मिला था। शव बुरी तरह जल चुका था, जिसके कारण उसकी पहचान करना इंदौर पुलिस के लिए चुनौती बन गया था। पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों को मृतक के सिर में सर्जिकल प्लेट लगी होने की जानकारी मिली।

सीरियल नंबर के आधार पर पुलिस ने रिकॉर्ड खंगाले

प्लेट पर दर्ज सीरियल नंबर के आधार पर पुलिस ने अस्पतालों के रिकॉर्ड खंगाले। जांच में पता चला कि साल 2025 में अरबिंदो अस्पताल में सिर के ऑपरेशन के दौरान यह प्लेट लगाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने एरोड्रम थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से जानकारी मिलाई। यहां विनय सोलंकी के लापता होने की शिकायत दर्ज थी। इस तरह अस्पताल के रिकॉर्ड और गुमशुदगी की जानकारी के आधार पर अधजले शव की पहचान विनय के रूप में हुई।

21 नवंबर की रात घर से निकला था विनय, वापस नहीं लौटा

विनय सोलंकी एरोड्रम थाना क्षेत्र का रहने वाला था और ई-रिक्शा चलाता था। वह 21 नवंबर की रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसके पिता जगदीश ने एरोड्रम थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिवार ने उसकी तलाश भी की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इस बीच उसके पिता ने दोस्तों पर हत्या का शक जताया था। बताया गया कि विनय का जैकेट को लेकर कुछ दोस्तों से विवाद भी चल रहा था।

पत्नी से प्रेम संबंध का था शक, शराब पीने के बाद हुआ विवाद

इसके बाद पुलिस ने अजय कापसे को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अजय कापसे को शक था कि उसकी पत्नी और विनय के बीच प्रेम संबंध हैं। इसी बात को लेकर वह विनय से नाराज था।

police investigation into the murder of Vinay Solanki after his partially burnt body
ग्वालियर में उमा भारती बोलीं- मुझे टिकट देने की किसकी औकात है, मैं खुद तय करती हूं कि चुनाव लड़ूं या नहीं

पहले पी शराब फिर कर दी हत्या

वारदात वाले दिन दोनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अजय ने विनय की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को कंबल में लपेटा और जलते हुए कचरे में फेंक दिया। आग में शव बुरी तरह जल गया, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था, लेकिन पुलिस ने अब मामले का खुलासा कर दिया है।