India-West Indies T20: इंदौर में मैच से पहले टिकटों की होड़, स्टूडेंट और दिव्यांग कोटा कुछ ही देर में फुल

Indore T20 Match Ticket : इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच से पहले स्टूडेंट और दिव्यांग टिकट कोटा फुल हो गया। सामान्य टिकट 25 सितंबर सुबह 6 बजे से मिलेंगे।
India vs West Indies T20 match in Indore, Holkar Stadium, with fans showing excitement.
इंदौर होलकर क्रिकेट स्टेडियम फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on
Updated on

India West Indies T20 Indore Ticket : भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में उत्साह बढ़ता जा रहा है। मैच के टिकटों की सामान्य बिक्री शुरू होने से पहले ही स्टूडेंट्स और दिव्यांगों के लिए निर्धारित कोटे में टिकट हासिल करने की होड़ दिखाई दी। दोनों कैटेगरी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया दोपहर 12 बजे शुरू हुई।

ऑनलाइन विंडो खुलते ही बड़ी संख्या में फैंस ने रजिस्ट्रेशन कराया। स्टूडेंट कैटेगरी में 1000 टिकटों के लिए करीब 1200 रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए। वहीं दिव्यांग फैंस के लिए निर्धारित 40 टिकटों के मुकाबले 55 लोगों ने आवेदन किया। रजिस्ट्रेशन की संख्या निर्धारित कोटे से अधिक होने के कारण टिकट के लिए पात्रता दस्तावेजों के आधार पर तय की जाएगी।

एमपीसीए करेगा दस्तावेजों का सत्यापन

रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद अब मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) आवेदकों के दस्तावेजों की जांच करेगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले स्टूडेंट्स और दिव्यांग फैंस को टिकट बुकिंग के लिए लिंक भेजा जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत वे मैच का टिकट बुक कर सकेंगे।

स्टूडेंट्स को रियायती दर पर टिकट

भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के लिए स्टूडेंट्स के लिए रियायती दर पर टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अलग-अलग कैटेगरी के अनुसार स्टूडेंट टिकट की कीमत 950 और 1200 रुपए रखी गई है। वहीं दिव्यांग फैंस के लिए टिकट की कीमत 400 रुपए निर्धारित की गई है। रियायती टिकटों के लिए भी फैंस में अच्छी खासी दिलचस्पी देखने को मिली।

25 सितंबर से सामान्य टिकट बिक्री

स्टूडेंट्स और दिव्यांग कोटे के बाद अब सामान्य टिकटों की बिक्री का इंतजार है। सामान्य टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 25 सितंबर की सुबह 6 बजे से शुरू होगी। मैच देखने के इच्छुक क्रिकेट फैंस इस बिक्री का इंतजार कर रहे हैं। सामान्य टिकटों के लिए ऑनलाइन विंडो खुलते ही बड़ी संख्या में बुकिंग होने की संभावना है।

India vs West Indies T20 match in Indore, Holkar Stadium, with fans showing excitement.
भोपाल मास्टर प्लान: 21 साल बाद नए ड्राफ्ट के प्रकाशन का रास्ता साफ, सुप्रीम कोर्ट ने दी मंजूरी

11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में मुकाबला

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला 11 अक्टूबर 2026 को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से करीब तीन सप्ताह पहले ही टिकटों को लेकर फैंस का उत्साह सामने आ गया है। अब सभी की नजरें 25 सितंबर से शुरू होने वाली सामान्य टिकट बिक्री पर रहेंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com