

Indore BRICS Agriculture Summit: इंदौर में आयोजित ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों और विदेशी प्रतिनिधियों के सम्मान में गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भव्य रात्रि भोज का आयोजन किया। इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न देशों से आए अतिथियों का पारंपरिक भारतीय अंदाज में स्वागत किया गया। आयोजन का उद्देश्य मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और आतिथ्य परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना रहा।
रात्रि भोज के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मध्य प्रदेश की लोक कला, लोक संगीत और आध्यात्मिक परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक धरोहरों और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। विदेशी प्रतिनिधियों ने इन प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए भारतीय संस्कृति के प्रति उत्साह दिखाया।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित बीजेपी के कई बड़े नेता और प्रदेश के मंत्री मौजूद थे, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव एक ही विमान से दिल्ली से लौटे और एअरपोर्ट से भी एक ही कार में कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए।
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान आयोजित यह विशेष रात्रि भोज और सांस्कृतिक संध्या मध्य प्रदेश के लिए अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन क्षमता और अतिथि-सत्कार की परंपरा को दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुई। आयोजन ने विदेशी प्रतिनिधियों को प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराने के साथ भारत की "अतिथि देवो भवः" की भावना का भी परिचय कराया।
यह भी पढें:
ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के बहाने इंदौर केवल अंतरराष्ट्रीय कृषि संवाद का केंद्र नहीं बना, बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति का भी महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा। रात्रि भोज और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से मध्य प्रदेश ने दुनिया को अपनी विरासत, परंपरा और आधुनिक विकास की संतुलित तस्वीर पेश की।