

MP Political News: अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में बने रहने वाले भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने ग्वालियर एक बार फिर ऐसा कुछ कह दिया है, जो विवाद को जन्म दे सकता है। पश्चिम बंगाल चुनाव में कांग्रेस द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ भौंकना है।
शिवपुरी के पिछोर से भाजपा विधायक लोधी ने पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के चुनावी नतीजों को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया।
विधायक लोधी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और TMC चीफ ममता बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा 'इनके पास आरोप लगाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। इनका काम अब सिर्फ भौंकना रह गया है। जैसे हाथी निकलता है और वे भौंकते रह जाते हैं, वैसे ही ये भौंकते रहते हैं और मोदी जी का काम चलता रहता है।'
उन्होंने आगे कहा कि अगर भाजपा चुनावों में वोट चोरी करती तो अन्य राज्यों में विपक्ष की सरकारें कैसे बनतीं? उनके मुताबिक, विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगाकर अपनी हार छिपाने की कोशिश कर रहा है।
बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी इससे पहले भी कई बार अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। उनके इस ताजा बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और बयान को लेकर प्रतिक्रियाएं आने की संभावना है।