

Laddu Gopal Missing Case Gwalior: ग्वालियर में आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है जहां एक परिवार के आराध्य लड्डू गोपाल की प्रतिमा पिछले पांच महीनों से लापता है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है। इस टीम में कोतवाली जनकगंज और माधोगंज थाना पुलिस को शामिल किया गया है। एसआईटी का नेतृत्व सीएसपी लश्कर करेंगे।
मामला ग्वालियर के अल्कापुरी निवासी विजया शर्मा से जुड़ा है। विजया शर्मा के अनुसार, 29 जनवरी को वह अपनी बहन के साथ भगवान जी के लिए पूजन सामग्री और अन्य सामान खरीदने माधोगंज क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी गई थीं। इसी दौरान उनके साथ मौजूद लड्डू गोपाल की प्रतिमा कहीं गुम हो गई। काफी तलाश के बावजूद प्रतिमा नहीं मिली।
घटना के बाद विजया शर्मा ने कोतवाली थाना पुलिस से मदद की गुहार लगाई। ग्वालियर पुलिस ने अपने स्तर पर प्रतिमा की तलाश के प्रयास भी किए लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद पीड़िता ने ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना से मुलाकात कर विशेष टीम गठित करने की मांग की।
विजया शर्मा का कहना है कि उनके परिवार के सबसे प्रिय सदस्य हैं। उनकी मां का निधन हो चुका है और यह प्रतिमा उन्हें उनकी नानी ने दी थी। प्रतिमा के गुम होने के बाद से पूरा परिवार गहरे दुख में है। पीड़िता का दावा है कि उन्हें स्वप्न में लड्डू गोपाल ने दर्शन देकर बताया कि वह चोटिल हो गए हैं, जिसके बाद उनकी चिंता और बढ़ गई।
प्रतिमा की तलाश के लिए पहले विजया शर्मा ने 1100 रुपये के इनाम की घोषणा की थी, जिसे अब बढ़ाकर 5 हजार रुपये कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने आसपास के थानों की पुलिस को भी तलाश अभियान में शामिल करने की मांग की थी।
पीड़िता की भावनाओं और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आईजी अरविंद सक्सेना ने सीएसपी लश्कर के नेतृत्व में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया है। अब तीन थानों की पुलिस संयुक्त रूप से लड्डू गोपाल की प्रतिमा की तलाश करेगी।
https://youtu.be/oxUFdreyflo?si=VjM4N_ecZdubXq7N