ग्वालियर में टला बड़ा हादसा: गोदाम में लगी भीषण आग, कुछ ही दूरी पर था पेट्रोल पंप, कोई हताहत नहीं

Sagar Tal Scrap Godown Fire: ग्वालियर के सागरताल इलाके में सीट बनाने के गोडाउन में भीषण आग लग गई। दमकल की 15 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
Gwalior Sagar Tal Fire News
फैक्ट्री में लगी आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Gwalior Warehouse Fire News: ग्वालियर के सागर ताल क्षेत्र में सोमवार सुबह एक कबाड़ और गाड़ियों की सीट बनाने वाले गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी तेज तपन से पास स्थित जिम की मशीनें तक पिघल गईं। समय रहते फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, वरना कुछ ही दूरी पर मौजूद पेट्रोल पंप और मैरिज गार्डन के कारण बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 5 बजे लगी। गोदाम में गाड़ियों की सीट बनाने के लिए बड़ी मात्रा में फोम और कबाड़ रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग नींद से जागकर घरों से बाहर निकल आए।

दमकल की 15 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी छावनी और फायर मुख्यालय से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 15 दमकल वाहनों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया। पुलिस ने भी आसपास के मकानों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

तपिश से जिम की मशीनें पिघल गईं

आग की लपटें और गर्मी इतनी तेज थी कि पास के जिम में रखी मशीनें और उपकरण भी गर्मी से खराब हो गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, क्योंकि घटनास्थल से महज दो-तीन मकानों की दूरी पर पेट्रोल पंप और पास में रजवाड़ा मैरिज गार्डन स्थित है। यदि आग फैलती या हवा का रुख बदलता, तो बड़ा विस्फोट और जनहानि हो सकती थी।

गोदामों में सुरक्षा के इंतजाम नहीं

घटना के बाद एक बार फिर रिहायशी इलाकों में संचालित हो रहे कबाड़ गोदामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। नियमों के मुताबिक घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इस तरह के गोदामों पर प्रतिबंध है, लेकिन इसके बावजूद शहर में कई जगह खुलेआम कबाड़ और ज्वलनशील सामग्री के गोदाम संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गोदामों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com