

ग्वालियर में भगवान श्रीराम का वीडियो देखने को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद।
पति ने पत्नी पर तलवार से हमला कर सिर, गर्दन और हाथ समेत कई जगह घायल किया।
खून से लथपथ महिला ने पड़ोसी के घर में घुसकर बचाई जान, JAH ट्रॉमा सेंटर में भर्ती।
Sword Attack On Wife in Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोबाइल पर भगवान श्रीराम का वीडियो देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने महाकाल का वीडियो चलाने की बात कहते हुए पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया।
हमले में महिला के सिर, गर्दन, हाथ और घुटने समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। खून से लथपथ महिला जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर में घुस गई। परिजनों और पड़ोसियों ने उसे गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।
घटना सोमवार, 26 अक्टूबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे की बताई जा रही है। हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ा गेट कांच मिल निवासी रेवती उर्फ रीतू तोमर (38) के मुताबिक, वह अपने बच्चों के साथ मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थीं। इसी दौरान उनके पति करनवीर उर्फ करू तोमर (42) वहां पहुंचे। उन्होंने श्रीराम के वीडियो पर आपत्ति जताते हुए महाकाल का वीडियो चलाने को कहा। इस बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने तलाक देने की बात भी कही।
पीड़िता के अनुसार, बहस बढ़ने पर पति घर के मंदिर में रखी तलवार उठा लाया और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने महिला के सिर पर वार किया। बचाव के दौरान तलवार उनकी कलाई पर लगी। महिला जब जान बचाकर बाहर भागने लगी, तो आरोपी ने पीछे से उनकी गर्दन और घुटने पर भी कई वार किए। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हमले के बाद खून से लथपथ महिला पड़ोस के एक घर में घुस गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद वह बेहोश हो गईं। पीड़िता के मुताबिक, वारदात के समय उनका बड़ा बेटा और सास भी मौजूद थे। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से घायल महिला को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मंगलवार को अस्पताल से सूचना मिलने पर हजीरा थाना पुलिस पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए। ग्वालियर पुलिस ने आरोपी करनवीर उर्फ करू तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है। घटना में सामने आए आरोप पीड़िता के बयान पर आधारित हैं और मामले में पुलिस की जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।