ग्वालियर में बारिश से बिगड़े हालात: सड़क पर उतरीं कलेक्टर रुचिका चौहान, दिए युद्ध स्तर पर काम करने के निर्देश

Collector Ruchika Chauhan: ग्वालियर में भारी बारिश से जलभराव के हालात बन गए। कलेक्टर रुचिका चौहान और नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर जल निकासी के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए।
Gwalior Heavy Rain Waterlogging Problem
ग्वालियर में भारी बारिश से जलभराव की समस्या(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Gwalior Heavy Rain News: ग्वालियर में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात का जायजा लेने के लिए कलेक्टर रुचिका चौहान और नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त ने सूर्य नमस्कार तिराहा, यूनीपेच फैक्ट्री रोड, डीडी नगर समेत कई जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पानी की निकासी में बाधा बन रहे अस्थायी अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर राहत एवं जल निकासी का कार्य शुरू किया जाए।

जरूरत पड़े तो किराए पर लें मशीनें

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से कहा कि जल निकासी के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। यदि नगर निगम के पास पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध नहीं है तो जेसीबी और अन्य आवश्यक उपकरण तत्काल किराए पर लेकर राहत कार्य में लगाए जाएं।

हरिशंकरपुरम में सीवर समस्या के स्थायी समाधान की तैयारी

हरिशंकरपुरम कॉलोनी के दौरे के दौरान स्थानीय पार्षद अर्पणा पाटिल ने जलभराव और सीवर की समस्या उठाई। इस पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि कॉलोनी में सीवर लाइन के मिलान कार्य को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इसे पूरा कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा, पंचायतों को सशक्त बनाने के दिए निर्देश

24x7 कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय

कलेक्टर ने मानसून के दौरान नगर निगम के कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र से जलभराव की सूचना मिलते ही निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करे। साथ ही नगर निगम को ग्वालियर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर जल्द अमल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com