ग्वालियर: शादी से इनकार पर युवती को कर रहा था परेशान, करवा चौथ का सामान लेकर घर पहुंचा गुजरात का युवक

Gwalior Girl Harassment Case: ग्वालियर में शादी से इनकार पर युवती को परेशान करने और धमकी देने के आरोप में गुजरात के साहिल पटेल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर पीछा करने और छेड़छाड़ के भी आरोप हैं।
Gujarat youth arrested in Gwalior
गोले का मंदिर थानाफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • ग्वालियर में युवती ने गुजरात निवासी युवक पर परेशान करने के आरोप लगाए।

  • स्नैपचैट पर पहचान के बाद शादी का दबाव बनाने का आरोप।

  • युवती ने पीछा करने, छेड़छाड़ और धमकी देने की शिकायत की।

  • करवा चौथ का सामान लेकर घर पहुंचने का भी आरोप।

  • गोला का मंदिर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

Gwalior Sahil Patel Arrested : ग्वालियर में शादी से इनकार करने पर एक युवती को परेशान करने का मामला सामने आया है। युवती ने गुजरात के रहने वाले साहिल पटेल पर पीछा करने, छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब सात महीने पहले उसकी पहचान स्नैपचैट के जरिए अहमदाबाद, गुजरात निवासी साहिल पटेल से हुई थी। चैट और फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी उस पर दोस्तों से बात नहीं करने का दबाव बनाने लगा। इसके बाद उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती के इनकार करने और बातचीत बंद करने के बावजूद आरोपी फोन और मैसेज के जरिए उसे परेशान करता रहा।

घर के सामने पहुंचकर छेड़छाड़ का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 14 जून 2026 को आरोपी युवती के घर के सामने पहुंचा और हंगामा करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसने युवती का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने अपनी नस काटने और युवती के परिवार को जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी माफी मांगकर वहां से चला गया।

तस्वीरें वायरल करने की धमकी

पीड़िता का आरोप है कि 30 अगस्त की रात भी आरोपी उसके घर के सामने पहुंचा। उसने शादी नहीं करने पर युवती की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। युवती के मुताबिक, आरोपी लगातार घर पहुंचकर और गिफ्ट भेजकर उसे परेशान कर रहा था। इससे उसका घर से निकलना भी मुश्किल हो गया था।

Gujarat youth arrested in Gwalior
ग्वालियर में युवती पर चाकू से हमला, थाने के बाहर प्रदर्शन, पुराने आवेदन पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

करवा चौथ का सामान लेकर पहुंचा घर

युवती की शिकायत के अनुसार, आरोपी करवा चौथ का सामान लेकर भी उसके घर पहुंचा। लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर युवती ने गोला का मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साहिल पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 78(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। ग्वालियर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com