ग्वालियर होटल स्विमिंग पूल हादसा: 7 वर्षीय वेद की डूबने से मौत, कब्र से शव निकालकर कराया पोस्टमॉर्टम

Child Dies After Drowning in Swimming Pool: ग्वालियर के होटल में स्विमिंग पूल में डूबने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को बाहर निकाला गया है। होटल पर लापरवाही का आरोप है।
Gwalior Pool Swimming Accident
सीसीटीवी फुटेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Gwalior Swimming Pool Incident: ग्वालियर में एक दर्दनाक हादसे में 7 साल के बच्चे की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। यह घटना गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित एबी रोड के प्रिंस मामा होटल में 11 मई की रात हुई, जहां परिवार के साथ पूल पार्टी में शामिल बच्चा वेद अचानक गहरे पानी में चला गया और उसकी जान नहीं बच सकी।

हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरी घटना का खुलासा हुआ है। फुटेज में दिख रहा है कि वेद अपने परिवार के साथ पूल पार्टी का मजा ले रहा था। कुछ देर बाद वह पूल से बाहर निकला और फिर दोबारा पानी में कूद गया। इस बार वह गलती से 2 फीट गहराई वाले हिस्से की बजाय लगभग 5 फीट गहरे हिस्से में पहुंच गया।

कुछ ही मिनटों में डूब गया वेद

पानी में जाने के बाद वेद लगातार बाहर निकलने की कोशिश करता रहा, लेकिन असफल रहा। मौके पर अन्य बच्चे और स्टाफ के लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी का उस पर ध्यान नहीं गया और कुछ देर बाद वेद डूब गया। परिजनों का आरोप है कि प्रिंस मामा होटल प्रशासन की गंभीर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि स्विमिंग पूल में गहराई बताने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था और न ही बच्चों के लिए लाइफ जैकेट की व्यवस्था थी। साथ ही मौके पर कोई प्रशिक्षित लाइफगार्ड भी मौजूद नहीं था।

पोस्टमॉर्टम के लिए निकाला गया शव

स्विमिंग पूल हादसे के बाद परिजनों ने रात में ही बच्चे को दफना दिया था, लेकिन बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा। बच्चे के पिता दिनेश पाल और चाचा देवेंद्र पाल ने गिरवाई थाने में शिकायत दर्ज कराई और जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम से शव को दोबारा निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस कर रही जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि पूल पार्टी का आयोजन वेद के चाचा के दोस्तों द्वारा किया गया था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का मिलान कर रही है। इसके साथ ही होटल प्रबंधन और आयोजन से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल यह मामला लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com