अवंतिका मौर्य के परिवार से मिले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, छात्रा ने NEET पेपर लीक के बाद दे दी थी जान

Umang Singhar Statement : उमंग सिंघार ने दिवंगत छात्रा अवंतिका मौर्य के परिवार से मुलाकात कर श्रद्धांजलि दी और आर्थिक सहायता दी। उन्होंने सरकार से परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की मांग की।
Umang Singhar Meets Avantika Family
अवंतिका के परिजनों से बात करते सिंघार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Umang Singhar Meets Avantika Family: मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंघार गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बलवारी खुर्द पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत छात्रा अवंतिका मौर्य को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य रखने का संबल दिया। नेता प्रतिपक्ष ने अवंतिका के पिता बनसिंह मौर्य सहित परिवार के अन्य सदस्यों से भेंट कर उन्हें एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उमंग सिंघार ने कहा कि अवंतिका जैसी प्रतिभाशाली छात्रा का इस तरह असमय दुनिया छोड़ जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा पेपर लीक और लगातार अव्यवस्थित होती परीक्षा प्रणाली के कारण युवाओं का भरोसा टूट रहा है। ऐसे मामलों ने विद्यार्थियों को मानसिक रूप से प्रभावित किया है, जिसका गंभीर असर समाज पर दिखाई दे रहा है।

सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि समय रहते परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाई जाती, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती और युवाओं का विश्वास बहाल किया जाता, तो शायद इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सकता था। उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं कठिन मेहनत और सपनों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन जब परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते हैं तो उनका मनोबल टूट जाता है।

परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग

उमंग सिंघार ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली घटनाएं किसी भी लोकतांत्रिक और संवेदनशील समाज के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए ताकि विद्यार्थियों का भरोसा कायम रह सके। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर ऐसे मामलों पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

अवंतिका ने कर लिया था सुसाइड

अवंतिका मौर्य ने NEET पेपर दिया था, लेकिन रिजल्ट नहीं आने से वह डिप्रेशन में चली गई थी, जिसके चलते उसने इंदौर में बिल्डिंग से कूदकर खुदकुशी कर ली थी। हालांकि मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com