

Ghanshyam Singh Congress Candidate: पूर्व विधायक घनश्याम सिंह दतिया से कांग्रेस प्रत्याशी होंगे। AICC ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दतिया विधानसभा उपचुनाव - 2026 के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को टिकट दिया है। मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पार्टी आलाकमान ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया है। घनश्याम सिंह का सीधा मुकाबला अब बीजेपी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से होगा।
बता दें, बीजेपी में टिकट बदलने को लेकर पूर्व गृहमंत्री के समर्थकों ने काफी नाराजगी जताई थी। ऐसे में कांग्रेस द्वारा अनुभवी चेहरे पर दांव लगाने के बाद अब यह मुकाबला और भी दिलचस्प बन गया है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह इससे पहले मध्य प्रदेश की सेवढ़ा विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं।
ग्वालियर-चंबल अंचल में उनकी पहचान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के रूप में रही है। पार्टी ने घनश्याम सिंह के राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ के मद्देनजर उनपर दांव खेला है।
भाजपा ने इस उपचुनाव में बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने शिवराज सिंह चौहान सरकार में गृह मंत्री रहे डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया और उनकी जगह आशुतोष तिवारी को दतिया उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। टिकट कटने के बाद जिले में बीजेपी को पार्टी के भीतर ही नाराजगी का सामना करना पड़ा। ऐसे में कांग्रेस ने अनुभवी नेता घनश्याम सिंह को मैदान में उतारकर भाजपा के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है।
बता दें, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा पहले से ही सबसे चर्चित सीटों में शामिल रही है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। कांग्रेस के अनुभवी प्रत्याशी और भाजपा के टिकट बदलने से अब यह चुनाव प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है।