दमोह के बड़ा बाजार में लगी भीषण आग, 3 दुकानें जलकर खाक, दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

Damoh Shop Fire Incident: दमोह के हटा बड़ा बाजार में भीषण आग लग गई। हादसे में 3 दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग के कारण व्यापारियों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है।
Damoh Fire News
दुकानों में आग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Damoh Fire News: दमोह जिले के हटा नगर के बड़ा बाजार में सोमवार सुबह एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई, जिसमें तीन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। जानकारी के अनुसार यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे नगर पालिका के सफाई कर्मचारी हटा के बड़ा बाजार क्षेत्र में सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलते देखीं। तुरंत इसकी सूचना नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को दी गई। सीएमओ ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना देकर मौके पर बुलाया। जब तक राहत दल मौके पर पहुंचा, तब तक आग ने आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया था।

3 दुकानें जलकर खाक

आग लगने की इस घटना में किराना दुकान, कपड़ा दुकान और जूते-चप्पल की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

राहत कार्य के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से दुकानों के छप्पर और शटर हटाए गए, जिससे आग और अधिक फैल गई, लेकिन फायर टीम ने लगातार प्रयास कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान 20 से अधिक पानी के टैंकर और 10 से अधिक बार फायर ब्रिगेड की मदद ली गई।

आला अधिकारी रहे मौजूद

स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी, आरक्षक संजय अठ्या, नगर पालिका प्रभारी सीएमओ राजेंद्र खरे सहित अन्य कर्मचारी और स्थानीय लोग राहत कार्य में जुटे रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शॉर्ट सर्किट को प्राथमिक कारण माना जा रहा है। घटना के बाद व्यापारियों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। गनीमत रही कि समय रहते आग का पता चल गया, अन्यथा पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था। अब प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com