खजुराहो को केंद्र की बड़ी सौगात, बनेगा 50 बेड का आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर, स्किल डेवलपमेंट संस्थान को भी मंजूर

Khajuraho Ayush Wellness Center: केंद्र सरकार ने खजुराहों को एक साथ कई बड़ी सौगातें दी हैं। खजुराहो में 50 बेड का आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा। स्किल डेवलपमेंट संस्थान को भी मंजूरी दी गई है।
Khajuraho Ayush Wellness Center
विष्णु दत्त शर्मा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Khajuraho Development News: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो को केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में एक साथ कई बड़ी सौगातें दी हैं। यहां 50 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से इलिट जैसे बड़े स्किल डेवलपमेंट संस्थान की भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसकी जानकारी रविवार को खजुराहो पहुंचे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुंदेलखंड को स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में यह ऐतिहासिक सौगात मिली है।

50 बेड वाला आयुष वेलनेस सेंटर बनेगा

सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तरों वाला आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा। यह सेंटर स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस सेंटर में पंचकर्म चिकित्सा, नेचुरोपैथी, योग और ध्यान जैसी आधुनिक एवं पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यहां मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य सुधारने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। केंद्र का संचालन राष्ट्रीय आयुष मिशन और मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से करेंगे।

वेलनेस और हेल्थ टूरिज्म का केंद्र बनेगा

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बुंदेलखंड और खजुराहो से विशेष लगाव है। पहले जहां पर्यटक केवल मंदिरों के दर्शन के लिए खजुराहो आते थे, वहीं अब यह शहर वेलनेस और हेल्थ टूरिज्म का भी बड़ा केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

25वें काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन

उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खजुराहो में 25वें काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा 26 और 27 मई को आयुष मंत्रालय की संसदीय स्टैंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक भी खजुराहो में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के सांसद और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। केंद्र सरकार पर्यटन की दृष्टि से खजुराहो को विशेष महत्व दे रही है। आने वाले समय में यह परियोजना बुंदेलखंड के लिए स्वास्थ्य, पर्यटन और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com