बुरहानपुर में 'धूम' स्टाइल चोरी, महिलाओं ने आंखों के सामने से उड़ाए 45 लाख के गहने; फिर बाइक से फरार- VIDEO

Burhanpur Viral Video: बुरहानपुर में फिल्मी स्टाइल में चोरी, नजरों के सामने से महिलाओं ने उड़ाए 45 लाख के गहने। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना। सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा वीडियो।
Burhanpur CCTV Footage Of Theft Jewellery Shop
बुरहानपुर में चोरी की वारदात का सीसीटीवी फुटेज(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS:

  • बुरहानपुर शहर में आंखों के सामने से चुराए 45 लाख के गहने।

  • अभूषण की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात।

  • तीन महिलाओं ने दुकान के अंदर की चोरी, बाईक पर थे दो और आरोपी सभी हुए फरार।

  • महिलाओं ने खंडवा जिले में भी पहुंचकर आभूषण देखने की कोशिश की थी।

Burhanpur CCTV Footage Of Theft Jewellery Shop: बुरहानपुर शहर के सराफा दुकान से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। इस पूरी वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपी महिलाएं बड़े ही शातिर तरीके से चोरी करते हुए नजर आ रही हैं।

दरअसल, बुरहानपुर के फव्वारा चौक में लक्ष्मण किशोर जुगल किशोर सराफा दुकान को तीन महिलाओं ने अपना निशाना बनाया। सोमवार को शाम आभूषण देखने के बहाने दुकान में पहुंचीं इन महिलाओं ने कारोबारी अनिल अग्रवाल का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही सोने के आभूषणों से भरा बॉक्स चोरी कर लिया। जानकारी के मुताबिक, बॉक्स में करीब 45 लाख रुपए की कीमत के गहने रखे हुए थे। वारदात के बाद तीनों महिलाएं दुकान से बाहर निकलीं और देखते ही देखते फरार हो गईं। फिलहाल पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं मिला है।

CCTV में कैद हुई वारदात की घटना, महिलाओं ने साड़ी में छिपाया बॉक्स

बताय जा रहा है कि तीनों आरोपी महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पहुंचीं। उन्होंने दुकानदार से अलग-अलग गहने दिखाने को कहा। इसी दौरान महिलाओं ने अनिल अग्रवाल का ध्यान दूसरी तरफ लगाया और पलक झपकते ही गहनों से भरा बॉक्स अपनी साड़ी में छिपा लिया। कुछ देर बाद वह दुकान से फरार हो गईं। उनके जाने के बाद जब व्यापारी को एक बॉक्स कम दिखाई दिया, तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में महिलाओं की पूरी करतूत सामने आ गई। चोरी हुए बॉक्स में 281.230 ग्राम सोने के आभूषण रखे हुए थे।

दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में दिखे दो और आरोपी

दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में वारदात से जुड़ा एक बड़ा सुराग मिला है। महिलाओं के दो साथी दुकान से कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े थे। तीनों महिलाएं दुकान से बाहर निकलने के बाद अपने साथियों के पास पहुंचीं और उनके साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गईं। इससे पुलिस को आशंका है कि इस वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया है। सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और उनकी आवाजाही का पता लगाने के लिए शहर के अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Burhanpur CCTV Footage Of Theft Jewellery Shop
MP में सरकारी शिक्षकों की संख्या 1 लाख के पार, TET में 34 हजार आवेदन; गुरुजी क्यों बना रहे परिक्षा से दूरी?

बुरहानपुर से खंडवा तक सक्रिय होने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि तीनों महिलाएं किसी शातिर गिरोह की सदस्य हो सकती हैं। सूत्रों के अनुसार, इन महिलाओं ने बुरहानपुर की अन्य सराफा दुकानों के अलावा खंडवा जिले की दुकानों में भी पहुंचकर आभूषण देखने की कोशिश की थी, हालांकि वहां वह चोरी करने में सफल नहीं हो सकीं। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए महिलाओं और उनके साथियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने जल्द ही गिरोह को पकड़ने का दावा किया है।