ट्विशा शर्मा केस: आरोपी पति समर्थ सिंह को कोर्ट में किया गया पेश, पुलिस को मिली 7 दिन की रिमांड

Samarth Singh Police Remand: भोपाल पुलिस ने ट्विशा शर्मा केस के आरोपी पति समर्थ सिंह का मेडिकल कराया और उसे कोर्ट में पेश किया है। सुनवाई के बाद कोर्ट ने समर्थ को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
Twisha Sharma Death Case
समर्थ सिंह (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Twisha Sharma Death Case: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में गिरफ्तार पति समर्थ सिंह को पुलिस ने आज भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने समर्थ को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

ट्विशा के परिजनों की मांग पर भोपाल कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट भी जब्त करने का आदेश दिया है। समर्थ को पुलिस जबलपुर से देर रात भोपाल लेकर पहुंची थी। आज सुबह पुलिस समर्थ को लेकर जेपी अस्पताल पहुंची और उसका मेडिकल कराया गया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया। इस दौरान अस्पताल और कोर्ट दोनों के बाहर पत्रकारों की भारी भीड़ दिखाई दी।

समर्थ से विस्तृत पूछताछ नहीं हो पाई

मामले में शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि पुलिस ने आरोपी समर्थ सिंह की 7 दिन की रिमांड मांगी है, ताकि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा सके। समर्थ सिंह को देर रात भोपाल लाया गया था, इसलिए अभी उससे विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी है।

सरेंडर करने का अंदाजा नहीं था

रिमांड मिलने के बाद पुलिस उससे घटना वाली रात की परिस्थितियों, पारिवारिक विवाद, मोबाइल चैट, कॉल डिटेल और फरारी के दौरान की गतिविधियों को लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि भोपाल पुलिस लगातार समर्थ की तलाश में थी, लेकिन यह अंदाजा नहीं था कि वह सीधे कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर देगा। कमिश्नर के मुताबिक जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फरार रहने के दौरान समर्थ किन लोगों के संपर्क में था और उसे कहां-कहां सहयोग मिला। इस एंगल से भी पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।

गिरीबाला की अग्रिम जमानत निरस्त करने आवेदन दिया

मामले में गिरीबाला सिंह का नाम भी सामने आया है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरिबाला सिंह को पूछताछ के लिए तीन बार नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन वे अब तक पेश नहीं हुई हैं। इसी कारण उनकी अग्रिम जमानत निरस्त कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दायर किया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com