राज्यसभा नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशियों ने जताया आभार, बोले- कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है BJP

MP Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने नामांकन दाखिल किया। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।
Rajneesh And Tarun Rajya Sabha Nomination
नामांकन दाखिल करते तरुण और रजनीश (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Rajneesh And Tarun Rajya Sabha Nomination: मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद दोनों नेताओं ने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर अवसर दिए जाते हैं। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे।

राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुघ ने कहा कि भाजपा हमेशा अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वह उसके लिए नेतृत्व के प्रति कृतज्ञ हैं।

कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करता है नेतृत्व

तरुण चुघ ने कहा कि भाजपा में नेतृत्व केवल राजनीतिक भूमिका नहीं निभाता, बल्कि परिवार की तरह कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा नेता अभिभावक की तरह काम करता है। पिता की तरह समझाता है, मां की तरह स्नेह देता है, बहन की तरह दुलार करता है और भाई की तरह हाथ पकड़कर आगे बढ़ाता है। यही संस्कृति भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश राजनीतिक महर्षि कुशाभाऊ ठाकरे की कर्मभूमि है, जहां संगठन निर्माण और कार्यकर्ता आधारित राजनीति की मजबूत परंपरा रही है। चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है और राज्य विकास की नई धुरी बनकर उभरा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन राज्यों को कभी ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, आज वही राज्य देश के विकास को गति देने वाले प्रमुख केंद्र बन गए हैं।

RSS से जुड़ा रहा है परिवार

उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार लंबे समय से भारतीय जनसंघ, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से जुड़ा रहा है तथा उन्होंने स्वयं भी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। भाजपा नेतृत्व द्वारा उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया जाना संगठनात्मक कार्यों की मान्यता है।

रजनीश ने भी जताया नेतृत्व का आभार

वहीं, भाजपा के दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल ने भी पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि भाजपा की स्थापित प्रक्रिया और संगठनात्मक परंपरा के तहत उन्हें यह अवसर मिला है।

भरोसे पर खतरा उतरने की कोशिश

अग्रवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा राज्यसभा के भीतर हो या बाहर, संगठन और नेतृत्व की जो भी अपेक्षाएं होंगी, उन्हें एक कार्यकर्ता के नाते पूरा करने का प्रयास करूंगा। पार्टी ने मुझे समय-समय पर जो जिम्मेदारियां दी हैं, उन्हें निभाया है और आगे भी पूरी निष्ठा से निभाता रहूंगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com