

Highlights :
संजय नगाइच का सनसनीखेज आरोप।
नगाइच ने छवि खराब करने का लगाया आरोप।
नगाइच ने कहा- पत्रकारों को बांटे गए सोने-चांदी के सिक्के।
Sanjay Nagayach Response to Allegations : मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने दीपावली के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए बड़ा पलटवार किया है। अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने दावा किया कि उनकी छवि को धूमिल करने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची जा रही है।
नगाइच ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ भ्रामक खबरें चलवाने के लिए पत्रकारों को प्रलोभन देते हुए सोने और चांदी के सिक्के तक बांटे गए हैं।
बीते दिनों वेयरहाउसिंग विभाग में दीपावली के नाम पर अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया था। आरोप था कि वेयरहाउसिंग अध्यक्ष संजय नगाइच के करीबी माने जाने वाले प्रदीप रावत ने दीपावली गिफ्ट के नाम पर कर्मचारियों से अपने खाते में पैसे वसूले हैं। इस मामले के उजागर होने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे थे और प्रशासनिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक यह मुद्दा गरमाया हुआ था।
विवाद बढ़ता देख अब वेयरहाउसिंग अध्यक्ष खुद मीडिया के सामने आए हैं। उन्होंने वसूली के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए अपनी सात्विक जीवनशैली का हवाला दिया। अध्यक्ष ने बयान देते हुए कहा मैं ऐसा व्यक्ति हूं जो प्याज और लहसुन तक नहीं खाता, ऐसे में मुझ पर अवैध वसूली जैसे आरोप लगाना पूरी तरह से हास्यास्पद और झूठा है। उन्होंने साफ किया कि कुछ विरोधी लोग जानबूझकर उनकी छवि खराब करने और उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
संजय नगाइच का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले रीवा में टोल प्लाजा को लेकर हुए विवाद के कारण भी वे सुर्खियों में आ चुके हैं। अब दीपावली वसूली मामले में उनके द्वारा पत्रकारों को सोने-चांदी के सिक्के बांटे जाने के बयान ने इस पूरे प्रकरण को नया मोड़ दे दिया है, जिससे प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
संजय नगाइच वर्तमान में पन्ना जिले से बीजेपी के नेता हैं। सरकार ने इन्हें तीन साल के लिए मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन का संचालक बनाया है। खास बात यह है कि नेता जी जब पन्ना जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष थे तब इन पर 13 करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगा और 420 की धारा के तहत 3 FIR दर्ज हुई थीं। इसके अलावा इन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कई बार भाजपा से निष्कासित भी किया जा चुका है।