

Raza Murad On CJP Protest: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ताल्लुक रखने वाले बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद ने CJP के जनजी प्रोटेस्ट के दौरान प्रदर्शन कर रहे बच्चों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो संदेश में कहा कि आंदोलन कर रहे बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उनके साथ संवेदनशीलता और संवाद का व्यवहार होना चाहिए, न कि कठोरता का।
रजा मुराद ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो घटनाएं सामने आई हैं, वे बेहद दुखद और पीड़ादायक हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे बच्चों पर लाठियां बरसाई गईं और उनके साथ मारपीट की गई, जो किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उनका कहना था कि बच्चों की बात सुनने और उनकी भावनाओं को समझने की जरूरत है।
अभिनेता ने परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि घर का कोई बच्चा नाराज होता है तो उसे समझाया जाता है, मनाया जाता है और उसकी शिकायतों को सुना जाता है। उन्होंने कहा, "वह सब हमारे बच्चे हैं। हमारा परिवार हैं। परिवार का बच्चा अगर रूठ जाए तो उसे मनाया जाता है, उसके साथ कठोर व्यवहार नहीं किया जाता।"
रजा मुराद ने आगे कहा कि यदि कोई बच्चा घायल हो जाए तो उसके घावों पर मरहम लगाया जाता है, नमक नहीं छिड़का जाता। उन्होंने कहा कि इस समय बच्चों के जज्बात आहत हैं और उन्हें सहानुभूति, विश्वास और संवाद की जरूरत है। लाठी और बल प्रयोग किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि आज जिन बच्चों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं, वही कल देश की बागडोर संभालेंगे। इसलिए जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को चाहिए कि वे बच्चों का विश्वास जीतें और उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए निकालें। उन्होंने अपील की कि देश को एक परिवार की तरह देखते हुए बच्चों को अकेला या बेसहारा महसूस नहीं होने देना चाहिए। गौरतलब है कि इससे पहले अभिनेता रघुवीर यादव भी इसी मुद्दे पर वीडियो जारी कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा चुके हैं। दोनों कलाकारों की प्रतिक्रियाओं के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।