नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार को घेरा, पेट्रोल-डीजल पर टैक्स घटाकर जनता को राहत देने की मांग

Umang Singar Demand To Government: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स घटाने की मांग की है। उन्होंने सरकार से पेट्रोल-डीजल के दाम 10 से 15 रुपए कम कर जनता को राहत देने की मांग की है।
Umang Singar Demand Tax Cut on Petrol Diesel
उमंग सिंघार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Umang Singar Demand Tax Cut on Petrol Diesel: देश में पेट्रोल-डीजल एक हफ्ते के अंदर 4 रुपए महंगा हो गया है, जिसका सीधा असर महंगाई के रूप में देखने को मिलेगा और आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ जाएगा। ऐसे में मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार से जनता को राहत देने की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा 'प्रदेश में सबसे ज्यादा वैट और सेस वसूला जा रहा है, जिसके कारण भोपाल में पेट्रोल दिल्ली से करीब 12 रुपए महंगा बिक रहा है। ऐसे में हमारी सरकार से मांग है कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स घटाया जाए और जनता को 10 से 15 रुपए लीटर की राहत दी जाए।

जनता को फायदा दे राज्य सरकार

सिंघार ने कहा पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर सिर्फ वाहन चालकों पर नहीं पड़ता, बल्कि ट्रांसपोर्ट, खेती, सब्जी, दूध, राशन और निर्माण सामग्री समेत रोजमर्रा की हर चीज महंगी हो जाती है। ऐसे में राज्य सरकार पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले टैक्स को कम कर जनता को इसका फायदा दे।

कमलनाथ भी कर चुके हैं मांग

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर कर राज्य सरकार से टैक्स घटाकर पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने की मांग की थी। कमलनाथ ने अपने पोस्ट में लिखा था कि मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश की तुलना में पेट्रोल की कीमत औसतन 13 रुपए और डीजल की कीमत 4 रुपए प्रति लीटर अधिक है। मध्य प्रदेश सरकार पेट्रोल पर 29% वैट + 2.5 रुपए + 1% सेस ले रही है, वहीं डीजल पर मध्य प्रदेश सरकार 19 % वैट + 1.5 रुपए + 1% सेस ले रही है।

20 से 30 रुपए ज्यादा दे रहे नागरिक

कमलनाथ ने लिखा था कि स्पष्ट है कि मध्य प्रदेश के नागरिक पेट्रोल पर 30 रुपए से अधिक और डीजल पर 20 रुपए से अधिक टैक्स के रूप में राज्य सरकार को दे रहे हैं। पेट्रोल-डीजल पर इस टैक्स का अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से कोई संबंध नहीं है। मध्य प्रदेश सरकार तत्काल इस टैक्स में कटौती करे ताकि मध्य प्रदेश की जनता को सबसे महंगा डीजल और पेट्रोल ना खरीदना पड़े। मध्य प्रदेश सरकार तत्काल डीजल और पेट्रोल की कीमतों में 10 रुपए प्रति लीटर की कमी करे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com