Highlights :
एमपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा।
5 दिवसीय सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी की।
NeVA के जरिए सवाल और नोटिस ऑनलाइन जमा कर सकेंगे विधायक।
सवाल सबमिट करते ही मिलेगा डायरी नंबर और PDF।
विधायक अपने सवालों का लाइव स्टेटस भी देख सकेंगे।
NeVA Digital System in MP Assembly : एमपी विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार 5 दिवसीय सत्र 7 दिसंबर से शुरू होकर 11 दिसंबर तक चलेगा। सरकार सत्र में वित्तीय अनुपूरक बजट और महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक भी पेश कर सकती है। इस बार विधायकों को सवाल लगाने से लेकर उनकी स्थिति जानने तक की सुविधा डिजिटल प्लेटफॉर्म NeVA पर मिलेगी।
इस बार का सत्र तकनीकी दृष्टि से खास रहने वाला है। नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के जरिए एमपी विधानसभा की कागजी प्रक्रिया को डिजिटल सिस्टम में बदलने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत विधायक विधानसभा पहुंचे बिना भी अपने टैबलेट से सवाल और अन्य नोटिस भेज सकेंगे। सवालों की स्थिति और उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने और समय की बचत होने की उम्मीद है।
विधायक अपने टैबलेट में NeVA ऐप के जरिए या आधिकारिक पोर्टल mpla.neva.gov.in पर जाकर व्यक्तिगत यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर सकेंगे। लॉगिन के बाद डैशबोर्ड पर पिछले 5 दिनों की डिजिटल गतिविधियों और भेजे गए सवालों का विवरण दिखाई देगा। डैशबोर्ड के 'Online Submission' विकल्प से विधायक तारांकित और अतारांकित सवाल, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण, स्थगन प्रस्ताव और याचिकाएं जमा कर सकेंगे।
NeVA सिस्टम में सवाल को सुरक्षित रखने और उसे सचिवालय भेजने की प्रक्रिया अलग अलग होगी। सवाल केवल सेव करने पर ड्राफ्ट मोड में रहेगा और विधायक उसमें संशोधन कर सकेंगे। ऐसे ड्राफ्ट पर लाल पट्टी दिखाई देगी। विधायक जैसे ही 'Send' बटन दबाएंगे, सवाल विधानसभा सचिवालय के सर्वर पर पहुंच जाएगा। इसके साथ ही सिस्टम आधिकारिक डायरी नंबर, तारीख और समय दर्ज करेगा। सवाल की PDF फाइल भी तैयार होगी जिसे डाउनलोड किया जा सकेगा।
पहले विधायकों को अपने सवालों की स्थिति जानने के लिए विधानसभा सचिवालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब NeVA के 'Question Statistical Report' और 'Question Status Report' मेनू में सवालों का लाइव स्टेटस देखा जा सकेगा। इससे पता चलेगा कि सवाल विचाराधीन है मंजूर हो चुका है या उसका जवाब आ गया है।
NeVA सिस्टम में प्रत्येक विधायक के नोटिस की निर्धारित सीमा ऑटोमेटेड रहेगी। सीमा पूरी होने के बाद सिस्टम अतिरिक्त नोटिस स्वीकार नहीं करेगा और स्क्रीन पर अलर्ट दिखाई देगा। इससे नोटिस जमा करने की प्रक्रिया व्यवस्थित रहेगी।