MP Road Infrastructure: महाराष्ट्र मॉडल से बदलेगी मध्य प्रदेश की सड़कों की तस्वीर, फडणवीस ने साझा किए अनुभव

MP Road Development Projects: देवेंद्र फडणवीस ने साझा किए सफल प्रोजेक्ट्स के अनुभव, एमपी-महाराष्ट्र के बीच रोड कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए संयुक्त कार्ययोजना बनेगी
madhya pradesh road infrastructure study tour maharashtra devendra fadnavis mohan yadav
देवेंद्र फडणवीस ने साझा किए सफल प्रोजेक्ट्स के अनुभव,मंत्री राकेश सिंह की मुलाकत , सोर्स : नवभारत
Published on
Updated on

MPRDC MSRDC Collaboration: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश की सड़क अधोसंरचना को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश की रोड इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल महाराष्ट्र की मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के अध्ययन दौरे पर मुंबई पहुंचा।

दौरे के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें सड़क निर्माण, एक्सप्रेस-वे विकास, वित्तीय मॉडल और भू-अर्जन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

देवेंद्र फडणवीस ने अपने अनुभव साझा किये

बैठक में महाराष्ट्र में क्रियान्वित और प्रस्तावित मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की कार्यप्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के मॉडल का अध्ययन किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बड़े पैमाने की परियोजनाओं में वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता, भूमि अधिग्रहण और विभिन्न विभागों के समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने, गुणवत्ता बनाए रखने और जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाने के लिए अपनाए गए सफल मॉडलों की जानकारी भी दी।

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सड़क संपर्क को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर

चर्चा के दौरान मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सड़क संपर्क को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों राज्यों के बीच आर्थिक गतिविधियों, औद्योगिक निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर रोड नेटवर्क विकसित करने की आवश्यकता पर सहमति बनी। इसके लिए मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के बीच समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।

महाराष्ट्र द्वारा विकसित एक्सप्रेस-वे का लाभ एमपी को

बैठक में यह भी माना गया कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर सड़क संपर्क से न केवल व्यापार और परिवहन को गति मिलेगी, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। महाराष्ट्र द्वारा विकसित एक्सप्रेस-वे और अन्य हाई-स्पीड कॉरिडोर परियोजनाओं के अनुभवों का लाभ मध्य प्रदेश को मिल सकेगा।

महाराष्ट्र में लागू मॉडल का अध्ययन

अध्ययन दौरे के दौरान अधिकारियों ने महाराष्ट्र में लागू विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) व्यवस्था, परियोजनाओं के लिए वित्त जुटाने के नवाचारों और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रियाओं का भी गहन अध्ययन किया। इन मॉडलों के आधार पर मध्य प्रदेश में चल रही और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क विकसित करने पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि प्रदेश में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क विकसित किया जाए, जिससे निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित हों। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अन्य राज्यों की सफल परियोजनाओं का अध्ययन कर उन्हें मध्य प्रदेश की जरूरतों के अनुरूप लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश की सड़क अधोसंरचना परियोजनाओं को नई गति

बैठक के अंत में विश्वास व्यक्त किया गया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का अनुभव, दूरदृष्टि और मार्गदर्शन मध्य प्रदेश की सड़क अधोसंरचना परियोजनाओं को नई गति देगा तथा प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा।बैठक के दौरान मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) एवं महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) द्वारा आपसी सहयोग से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com